केकड़ी (राजस्थान), 15 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
राजस्थान के केकड़ी स्थित पटेल स्टेडियम में 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी अंडर-14 बालक एवं बालिका खो-खो खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ कल, 16 जनवरी 2026 से होने जा रहा है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता स्कूली गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।
60 से अधिक टीमें लेंगी हिस्सा: SGFI कैलेंडर के अनुसार यह प्रतियोगिता दिसंबर 2025 में प्रस्तावित थी, किंतु अब इसे 16 जनवरी से 21 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। छह दिवसीय इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की लगभग 60 टीमें भाग ले रही हैं। इनमें बालक वर्ग की 30 और बालिका वर्ग की 31 टीमें शामिल हैं, जिनमें प्रत्येक टीम 16 खिलाड़ियों की है।
भव्य व्यवस्थाओं के साथ आयोजन: प्रतियोगिता का आयोजन पटेल कॉम्प्लेक्स के अंतर्गत कुल 5 मैदानों पर किया जा रहा है। दिन-रात चलने वाले मुकाबलों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। आयोजन को सफल बनाने हेतु विभिन्न समितियों द्वारा व्यापक प्रबंधन किया गया है, जिसमें लगभग 2800 मैट बिछाई गई हैं, जो खिलाड़ियों की सुरक्षा और खेल की गुणवत्ता सुनिश्चित करेंगी।
बेगूसराय की बालिकाएं करेंगी जिले का प्रतिनिधित्व: इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर, बेगूसराय की प्रशिक्षिका सीमा कुमारी के नेतृत्व में बालिका टीम राजस्थान के लिए रवाना हो चुकी है। टीम में बेगूसराय की होनहार खिलाड़ी आरुषी कुमारी, आराध्या कुमारी एवं आभा कुमारी शामिल हैं, जो जिले और बिहार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का प्रयास करेंगी।





Total views : 75832