बेगूसराय | 15 जनवरी, 2026 — नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, पटना द्वारा विज्ञापन संख्या 05/2025 के अंतर्गत पुलिस अवर निरीक्षक (Police Sub-Inspector) पदों पर नियुक्ति हेतु प्रारंभिक लिखित परीक्षा का आयोजन 18 जनवरी 2026 (रविवार) एवं 21 जनवरी 2026 (बुधवार) को किया जाएगा। यह परीक्षा बेगूसराय जिले के कुल 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी।
दो पालियों में होगी परीक्षा, समय निर्धारित: परीक्षा दोनों तिथियों को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली: प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक। रिपोर्टिंग समय: प्रातः 08:30 बजे, द्वितीय पाली: अपराह्न 02:30 बजे से सायं 04:30 बजे तक। रिपोर्टिंग समय: अपराह्न 01:00 बजे। निर्धारित परीक्षा समय से 30 मिनट पूर्व तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश वर्जित रहेगा।
सुरक्षा व निगरानी के कड़े इंतजाम: जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को स्वच्छ, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त ढंग से संपन्न कराने हेतु व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक फिंगर प्रिंट सत्यापन (बाएं हाथ का अंगूठा) की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
बिना ई-प्रवेश पत्र प्रवेश नहीं: अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए वैध ई-प्रवेश पत्र एवं फोटो पहचान पत्र अनिवार्य रूप से लाना होगा। बिना इन दस्तावेजों के प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा केंद्र परिसर में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर अथवा किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। प्रतिबंधित सामग्री के साथ पकड़े जाने पर अभ्यर्थिता रद्द करते हुए विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तलाशी व पहचान प्रक्रिया होगी सख्त: अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जाएगी। फोटोग्राफी के दौरान चेहरे से मास्क या टोपी हटाना अनिवार्य होगा, ताकि पहचान स्पष्ट रूप से सुनिश्चित की जा सके।
OMR व प्रश्न-पत्र केंद्र पर ही जमा करना अनिवार्य: परीक्षा समाप्ति के उपरांत ओएमआर उत्तर-पुस्तिका एवं प्रश्न-पत्र परीक्षा केंद्र पर ही जमा करना अनिवार्य होगा। इन्हें अपने साथ ले जाना दंडनीय अपराध की श्रेणी में आएगा। प्रतिरूपण (Impersonation) करते हुए पकड़े जाने पर अभ्यर्थी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ई-प्रवेश पत्र कहां से करें डाउनलोड: अभ्यर्थी अपना ई-प्रवेश पत्र बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट bpssc.bihar.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी निर्देशों का पालन करें और परीक्षा को सफल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में सहयोग प्रदान करें।






Total views : 68940










