बेगूसराय | 13 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार विद्युत विनियामक आयोग (BERC) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विद्युत दर (टैरिफ) निर्धारण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। इस क्रम में राज्य की विभिन्न विद्युत कंपनियों द्वारा दायर टैरिफ याचिकाओं पर निर्णय से पूर्व आम जनता, उपभोक्ताओं, संगठनों और अन्य हितधारकों से सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं।
🔹 किन-किन कंपनियों की याचिकाएं शामिल: इस प्रक्रिया में नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL), साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL), बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (BSPTCL), बिहार ग्रिड कंपनी लिमिटेड (BGCL) तथा स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (SLDC) की टैरिफ याचिकाएं शामिल हैं।
🔹 पारदर्शिता के लिए राज्यभर में जन-सुनवाई: BERC द्वारा पारदर्शिता और व्यापक जन-सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य के विभिन्न जिलों में जन-सुनवाई आयोजित की जा रही है। इन सुनवाइयों में उपभोक्ता एवं संबंधित संगठन प्रत्यक्ष रूप से आयोग के समक्ष अपने सुझाव और आपत्तियां रख सकेंगे।
🔹 बेगूसराय में जन-सुनवाई की नई तिथि : आंशिक संशोधन के बाद अब नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) से संबंधित जन-सुनवाई 15 जनवरी 2026 (गुरुवार) को पूर्वाह्न 11:30 बजे कारगिल विजय सभा भवन, समाहरणालय परिसर, बेगूसराय में आयोजित की जाएगी। जन-सुनवाई का समय पूर्ववत रखा गया है।
🔹 जिला प्रशासन की अपील: जिला प्रशासन द्वारा जिला एवं अनुमंडल स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक विद्युत उपभोक्ता एवं हितधारक इस जन-सुनवाई में भाग ले सकें। प्रशासन ने आम नागरिकों, उपभोक्ताओं और संगठनों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर उपस्थित होकर विद्युत दर निर्धारण से जुड़े अपने विचार बिहार विद्युत विनियामक आयोग के समक्ष रखें।






Total views : 68940










