बेगूसराय | 10 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय स्थित आयुर्वेद महाविद्यालय में आयोजित चिकित्सकों के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुर्वेद को वैश्विक पहचान मिली है। आज विश्व के कई देशों में आयुर्वेद विशेषज्ञों की मांग तेजी से बढ़ी है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद के साथ-साथ योग ने भी पूरे देश में अपनी अलग पहचान स्थापित की है।
आयुष मंत्रालय से मिला आयुर्वेद को संस्थागत बल: केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि केंद्र सरकार ने आयुर्वेद के विकास के लिए ठोस कदम उठाए हैं। इसी क्रम में आयुष मंत्रालय के लिए अलग विभाग का गठन किया गया है, ताकि आयुर्वेद का प्रचार-प्रसार और सुदृढ़ हो सके। साथ ही देशभर में आयुर्वेद केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
आयुर्वेद जीवनशैली का विज्ञान : संजय कुमार: कार्यक्रम में बिहार सरकार के गन्ना मंत्री संजय कुमार ने कहा कि आयुर्वेद केवल चिकित्सा पद्धति नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली और जन-जन का विज्ञान है। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार ने हाल के वर्षों में बड़ी संख्या में आयुष चिकित्सकों की बहाली की है। उन्होंने स्वयं आयुर्वेद चिकित्सा पर विश्वास जताते हुए इसके लाभों को रेखांकित किया।
धनवंतरि प्रतिमा पर माल्यार्पण, अतिथियों का भव्य स्वागत: इससे पूर्व आयुर्वेद महाविद्यालय पहुंचने पर दोनों मंत्रियों ने भगवान धनवंतरि की प्रतिमा एवं संस्थापक दानवीर अयोध्या बाबू की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. श्रीनिवास त्रिपाठी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्थान ने आम जनता के बीच अपनी सशक्त पहचान बनाई है।
वैज्ञानिक सत्र और सम्मान समारोह: उद्घाटन के बाद काशी हिंदू विश्वविद्यालय की डॉ. अनुराधा राय एवं डॉ. बी.के. द्विवेदी ने वैज्ञानिक सत्र को संबोधित किया। इस अवसर पर 9 चिकित्सकों को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड तथा कई चिकित्सकों को आयुर्वेद गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। मंच संचालन डॉ. मुन्ना कुमार ने किया।
कार्यक्रम में रहे ये प्रमुख लोग उपस्थित: कार्यक्रम में राज्य आयुष समिति के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. धनंजय शर्मा, आयोजन समिति अध्यक्ष डॉ. लाल कौशल कुमार, सचिव डॉ. दिलीप कुमार वर्मा, कोषाध्यक्ष डॉ. रामसागर दास सहित कई वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






Total views : 68940










