बेगूसराय | 05 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
05 जनवरी 2026 को जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कारगिल विजय भवन में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की विभिन्न योजनाओं, लंबित मामलों एवं प्रशासनिक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बायोमैट्रिक उपस्थिति और जनता से मिलने का समय तय: बैठक की शुरुआत में जिला पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बायोमैट्रिक उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही आम जनता से मिलने के लिए सभी पदाधिकारियों को साप्ताहिक समय निर्धारण करने और उसकी सूचना कार्यालय के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित करने का आदेश दिया गया।
आरटीपीएस और सामाजिक सुरक्षा पेंशन की समीक्षा: इसके बाद आरटीपीएस से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत लंबित पेंशन आवेदनों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादित करने का निर्देश सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को दिया।
कबीर अंत्येष्टि अनुदान योजना पर विशेष निर्देश: कबीर अंत्येष्टि अनुदान योजना के तहत जिन पंचायतों में चालू वित्तीय वर्ष में एक भी लाभुक को योजना का लाभ नहीं मिला है, वहां योग्य लाभुकों को शीघ्र लाभ देने तथा आवेदन की प्रविष्टि ई-सुविधा पोर्टल पर अनिवार्य रूप से करने का निर्देश दिया गया।
डॉ. अंबेडकर छात्रावास और मंदिर चहारदिवारी योजना: जिला पदाधिकारी ने 100 आसन वाले डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास के निर्माण हेतु किसी विद्यालय अथवा महाविद्यालय में भूमि चिन्हित करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं अपर समाहर्ता को दिया। वहीं मंदिर चहारदिवारी निर्माण योजना के अंतर्गत लंबित भूमि मामलों में अविलंब अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) भेजने का निर्देश सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को दिया गया।
विधानसभा चुनाव में अधिग्रहित वाहनों के भुगतान पर निर्देश: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान अधिग्रहित वाहनों के लंबित भुगतान को लेकर विधानसभा वार गठित समिति के नोडल पदाधिकारियों को अविलंब जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि वाहन मालिकों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जा सके।
मनरेगा में भूमि अतिक्रमण बना बाधा: मनरेगा के तहत आंगनबाड़ी भवन निर्माण में भूमि अतिक्रमण की समस्या पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा ने जानकारी दी कि मंसूरचक, खोदावंदपुर एवं बेगूसराय में भूमि अतिक्रमण के कारण 8 केंद्रों पर कार्य शुरू नहीं हो सका है। इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित कार्यक्रम पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी को अविलंब कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
विकास योजनाओं और डैशबोर्ड की विस्तृत समीक्षा: बैठक में ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, जल-जीवन-हरियाली, कल्याण विभाग, साथ ही सात निश्चय (भाग-1, 2 एवं 3), बीडी डैशबोर्ड, बीसी ग्राम पोर्टल, सीडब्ल्यू पोर्टल एवं ई-कंप्लायंस डैशबोर्ड पर लंबित शिकायतों की समीक्षा की गई।इसके अलावा माननीय मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं की भी गहन समीक्षा की गई।
न्यायालय वादों के त्वरित निष्पादन पर जोर: लंबित न्यायालय वादों के निष्पादन हेतु सभी संबंधित पदाधिकारियों को तथ्य विवरणी तैयार कर प्रतिशपथ पत्र दायर करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यों की दैनिक स्तर पर समीक्षा सुनिश्चित करें तथा अन्य विभागों से संबंधित लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), सहायक समाहर्ता, सिविल सर्जन, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






Total views : 68940










