बेगूसराय | 03 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री स्वर्गीय पंडित ललित नारायण मिश्र की 51वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को सिमरिया धाम, बरौनी स्थित उनके स्मारक स्थल पर राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
राजकीय सम्मान के साथ हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम:
कार्यक्रम की शुरुआत स्मारक स्थल पर स्थित पंडित ललित नारायण मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को याद करते हुए नमन किया।

राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया गया स्मरण: श्रद्धांजलि सभा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय पंडित ललित नारायण मिश्र ने भारतीय रेल सहित देश के विकास में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका कार्यकाल ईमानदारी, कार्यकुशलता और दूरदर्शी सोच के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्रीकांत शास्त्री, पुलिस अधीक्षक बेगूसराय मनीष, नगर आयुक्त नगर निगम, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी बेगूसराय सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं अधिकारीगण मौजूद थे।
हर वर्ष होता है राजकीय आयोजन: उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन बेगूसराय द्वारा प्रत्येक वर्ष स्वर्गीय पंडित ललित नारायण मिश्र की पुण्यतिथि पर राजकीय समारोह आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान से प्रेरणा मिलती रहे।






Total views : 68940










