बेगूसराय। 30 दिसंबर 2025 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
‘बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम ‘सात निश्चय–3 (2025–2030)’ के अंतर्गत निश्चय–7 ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से बिहार विकास मिशन के उप मिशन निदेशक (आधारभूत संरचना) गोपाल कुमार ने मंगलवार को बेगूसराय जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
पंचायत सरकार भवन में आमजन से सुझाव: निरीक्षण के क्रम में उप मिशन निदेशक ने बेगूसराय सदर प्रखंड के पचम्बा पंचायत सरकार भवन का दौरा किया। यहां उन्होंने आम नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। लोगों ने सरकारी सेवाओं को और सरल व सुगम बनाने को लेकर अपने विचार साझा किए।
नगर परिषद बीहट में शहरी नागरिकों से संवाद: इसके साथ ही नगर परिषद बीहट के वार्ड संख्या 13, ठाकुरीचक दुर्गा स्थान परिसर में शहरी क्षेत्र के नागरिकों से भी सुझाव प्राप्त किए गए। नागरिकों ने नगर सुविधाओं, कार्यालयी प्रक्रियाओं और सेवा वितरण प्रणाली में सुधार से जुड़े मुद्दे उठाए।
आधुनिक तकनीक व संवेदनशील प्रशासन पर जोर: इस अवसर पर गोपाल कुमार ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आधुनिक तकनीक, नवाचार और संवेदनशील प्रशासन के माध्यम से आम नागरिकों के जीवन को अधिक सरल बनाना है। उन्होंने बताया कि इसी लक्ष्य के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जाकर जमीनी स्तर से फीडबैक लिया जा रहा है।
सेवाओं में सुधार और प्रक्रियाओं का सरलीकरण: उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता से प्राप्त सुझावों के आधार पर सरकारी कार्यालयों की सेवाओं में सुधार, प्रक्रियाओं का सरलीकरण तथा आवश्यक संस्थागत बदलाव किए जाएंगे, ताकि नागरिकों को समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं मिल सकें। निरीक्षण एवं संवाद कार्यक्रम के दौरान जिला समन्वयक (स्वच्छ भारत मिशन) विश्वजीत कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे।






Total views : 68940










