बेगूसराय | 27 दिसंबर 2025। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिले में पुलिस ने अलग–अलग थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए गंभीर अपराधों का खुलासा किया है। अपहरण कांड के उद्भेदन से लेकर अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान और फर्जी पुलिस बनकर ठगी करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी तक, तीन अहम मामलों में पुलिस को सफलता मिली है।
🔴 लोहियानगर थाना: अपहरण कांड का उद्भेदन, एक गिरफ्तार: लोहियानगर थानान्तर्गत दर्ज अपहरण मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि दिनांक 24.12.2025 को पन्हास वीरकुंवर चौक निवासी सन्नी कुमार ने आवेदन देकर बताया कि उनके भाई सुमित कुमार 23.12.2025 की रात मोबाइल दुकान बंद करने के बाद घर नहीं लौटे। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ में सामने आया कि उजले रंग की टोयोटा कार से तीन लोगों ने सुमित कुमार का अपहरण किया। पुलिस ने वाहन चालक प्रकाश कुमार को गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर अपहरण कर चेरियाबरियारपुर के रामपुर घाट (गंडक नदी) में हत्या कर शव फेंकने की बात स्वीकार की। 👉 अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी और शव की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है। 👉 गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दर्ज कांड: लोहियानगर थाना कांड सं.-138/25, धारा-140(2) बीएनएस
🍶 नीमाचॉदपुरा थाना: अवैध शराब के साथ दो गिरफ्तार : जिले में अवैध नशीले पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नीमाचॉदपुरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई की। ग्राम परना, बुढ़ी गंडक नदी के किनारे से दो व्यक्तियों को 15 लीटर देशी शराब और शराब बनाने के उपकरण के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त: किशन कुमार (नावकोठी, बेगूसराय), अरविंद कुमार (रोसड़ा, समस्तीपुर) 👉 मामले में कांड दर्ज कर विधिसम्मत अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
🕵️♂️ तेघड़ा थाना: फर्जी पुलिस बनकर नौकरी के नाम पर ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार: तेघड़ा थानान्तर्गत पुलिस की वर्दी पहनकर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सत्यापन और जांच के बाद करण कुमार (निवासी- मोसादपुर, रिफाइनरी थाना) को उसके गांव से पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। मामले में BNS की कई धाराओं के साथ SC/ST एक्ट के तहत कांड दर्ज है।
✅ पुलिस की सख्ती से अपराधियों में हड़कंप: बेगूसराय पुलिस की इन लगातार कार्रवाइयों से अपराधियों में हड़कंप मचा है। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध, नशा और ठगी के विरुद्ध अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।— नेशनल पॉजिटिव न्यूज़






Total views : 68940










