नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ | पटना / बेगूसराय | 28 नवंबर 2025 बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति (जीविका) द्वारा आज 28 नवंबर 2025 को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना (MMRY) के तहत एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की 10 लाख महिलाओं को 10–10 हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। इस राज्यव्यापी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण समाहरणालय परिसर स्थित कारगिल विजय सभा भवन, बेगूसराय से देखा गया, जहां बड़ी संख्या में जीविका दीदियाँ उपस्थित रहीं।
बेगूसराय जिले में 25,000 महिलाओं को मिला लाभ: कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जिला पदाधिकारी बेगूसराय तुषार सिंगला, तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार, नगर निगम की महापौर श्रीमती पिंकी देवी, निदेशक डीआरडीए और जीविका टीम ने योजना की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। जिला पदाधिकारी ने बताया कि आज की राशि हस्तांतरण सूची में बेगूसराय जिले की लगभग 25,000 महिलाएँ शामिल हैं। अब तक जिले की 4.38 लाख महिलाओं के खातों में राशि हस्तांतरित की जा चुकी है, जो महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।
मुख्यमंत्री का संदेश: हर परिवार की एक महिला को मिलेगा आर्थिक सशक्तिकरण : मुख्यमंत्री ने कहा कि MMRY योजना का उद्देश्य है —राज्य के प्रत्येक परिवार की एक महिला को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना, उन्हें स्वरोजगार का अवसर प्रदान करना तथा उनके आय स्तर को स्थायी रूप से बढ़ाना। रोजगार शुरू करने के बाद लाभुक महिलाओं को आवश्यकता अनुसार 2 लाख रुपये तक अतिरिक्त सहायता देने का प्रावधान है। अब तक 1,45,84,882 लाभार्थियों को इस योजना से आर्थिक मदद मिल चुकी है।
जिले के सभी प्रखंडों में कार्यक्रम का आयोजन: जिला स्तर के अलावा सभी प्रखंडों, नगर परिषद क्षेत्रों, सभी ग्राम संगठनों तथा संकुल संघों में भी कार्यक्रम का सामूहिक आयोजन किया गया। MMRY योजना महिलाओं के लिए नई आजीविका, आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन की दिशा में एक मील का पत्थर बनती जा रही है।






Total views : 63030