बेगूसराय | 08 नवंबर 2025 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 के अंतर्गत बेगूसराय जिले में मतगणना की सभी तैयारियों को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से आज जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला तथा पुलिस अधीक्षक द्वारा बाजार समिति स्थित बज्र गृह (स्ट्रॉन्ग रूम) एवं मतगणना स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम, बैरिकेडिंग, सुरक्षा रिंग, एंट्री-एग्जिट कंट्रोल, फोर्स तैनाती एवं निगरानी प्रोटोकॉल की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि स्ट्रॉन्ग रूम सुरक्षा में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए तथा 24×7 निगरानी और रिकॉर्ड लॉग मेंटेनेंस सुनिश्चित किया जाए। पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील बिंदुओं पर पेट्रोलिंग और फोर्स स्ट्रेंथ को और सुदृढ़ बनाए रखने का निर्देश दिया।इसके साथ ही, काउंटिंग स्थल पर हॉल लेआउट, टेबल प्लानिंग, मीडिया ज़ोन डिमार्केशन, ट्रैफिक एवं मूवमेंट कंट्रोल, फायर सेफ्टी, बैरिकेडिंग, तथा बिजली एवं पानी आपूर्ति की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि काउंटिंग दिवस तक सभी व्यवस्थाएँ निर्वाचन आयोग की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप पूर्ण रूप से क्रियाशील रहें।
इसी क्रम में, बी.पी. प्लस टू स्कूल, बेगूसराय में मास्टर ट्रेनरों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों से चयनित 21 मास्टर ट्रेनरों को मतगणना प्रक्रिया, ईवीएम (EVM) एवं वीवीपैट (VVPAT) की गणना, परिणाम पत्रक भरने की विधि, नियंत्रण इकाई (Control Unit) के डेटा सत्यापन, और माइक्रो ऑब्जर्वर की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी गई।जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्री तुषार सिंगला ने कहा —> “मतगणना प्रक्रिया चुनाव की सबसे महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील कड़ी होती है। अतः सभी मास्टर ट्रेनर गणना कार्य पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं सटीकता के साथ संपन्न कराने के लिए कर्मियों को प्रशिक्षित करेंगे।” उन्होंने बताया कि मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्राप्त प्रशिक्षण के आधार पर 10 नवंबर 2025 से मतगणना में प्रतिनियोजित सभी कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि मतगणना दिवस के पूर्व प्रत्येक कर्मी अपनी जिम्मेदारियों से पूर्णतः अवगत हो सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम में वरीय उप समाहर्ता आमिर अहमद, जिला स्तरीय मास्टर डॉ. सुदर्शन कुमार एवं कुमार कृष्णा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






Total views : 68940










