बेगूसराय, 04 नवंबर 2025 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 के तहत बेगूसराय जिले में मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों — चेरियाबरियारपुर, बछवाड़ा, तेघड़ा, मटिहानी, साहेबपुर कमाल, बेगूसराय और बखरी — के लिए तैनात सभी पीठासीन पदाधिकारियों, मतदान पदाधिकारियों और सहायक मतदान अधिकारियों को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से निर्वाचन सामग्री का वितरण किया गया।

शांतिपूर्ण माहौल में हुआ सामग्री वितरण : निर्वाचन सामग्री वितरण के लिए जिले में सात डिस्पैच सेंटर बनाए गए थे। चेरियाबरियारपुर (141) – आर.सी.एस. कॉलेज, मंझौल, बछवाड़ा (142) – आर.के.सी. प्लस टू हाई स्कूल, बरौनी, तेघड़ा (143) – ए.पी.एस.एम. कॉलेज, बरौनी, मटिहानी (144) – जी.डी. कॉलेज, बेगूसराय, साहेबपुर कमाल (145) – पी.डी.एस.के. कॉलेज, सदानंदपुर बलिया, बेगूसराय (146) – जी.डी. कॉलेज, बेगूसराय, बखरी (147) – लक्ष्मी उदित नारायण उच्च विद्यालय, शकरपुरा बखरी। सभी केंद्रों पर संबंधित निर्वाची पदाधिकारी और सहायक निर्वाची पदाधिकारी मौजूद रहे। मतदान कर्मियों को उनके बूथ की जानकारी दी गई और मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
6 नवंबर को होगा मतदान : जिला प्रशासन के अनुसार सभी मतदान दल अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में 5 नवंबर को रवाना होंगे। इसी दिन पीठासीन पदाधिकारियों को ईवीएम मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला ने बताया कि प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भीक होकर लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
12 पहचान पत्रों में से किसी एक के साथ कर सकेंगे मतदान : भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश के अनुसार, मतदाता मतदान केंद्र पर निम्नलिखित
12 पहचान पत्रों में से कोई एक लेकर मतदान कर सकते हैं: 1. आधार कार्ड 2. मनरेगा जॉब कार्ड 3. बैंक/डाकघर द्वारा जारी पासबुक 4. स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड 5. ड्राइविंग लाइसेंस 6. पैन कार्ड 7. एनपीआर कार्ड 8. भारतीय पासपोर्ट 9. फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज 10. सरकारी या सार्वजनिक उपक्रमों के कर्मचारियों को जारी सेवा पहचान पत्र 11. सांसद/विधायक/विधान परिषद सदस्यों का आधिकारिक पहचान पत्र 12. दिव्यांगता पहचान पत्र
दिव्यांग और मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था हर मतदान केंद्र पर सुगम मतदान (AMF) की व्यवस्था की गई है। मतदाताओं के लिए पेयजल, शौचालय, बैठने की सुविधा और दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैम्प और व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई है।
जिला प्रशासन की अपील: “शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। हर मतदाता निडर होकर मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।” — तुषार सिंगला, जिला पदाधिकारी बेगूसराय





Total views : 63194