नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ | बेगूसराय। 22 अक्टूबर 2025
बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के शिवचंद्रपुर ढाला के पास देर शाम एक भयावह सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें भागलपुर जिले के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक लोडेड पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का आधा हिस्सा ट्रक के अंदर समा गया। घटना में पिकअप चालक सहित तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान : मृतकों की पहचान भागलपुर जिले के बीरबन्ना गांव निवासी मो. तनवीर (18), मो. कमाल (45) और मो. नवाब (20) के रूप में की गई है। जबकि छोटू, गुलपुरास और राशिद गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
वाराणसी से लौट रहे थे सभी कामगार : जानकारी के अनुसार सभी मृतक और घायल समर्सिबल बोरिंग का काम करते थे। वे वाराणसी से काम समाप्त कर सामान लेकर कहलगांव स्थित अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में साहेबपुर कमाल के शिवचंद्रपुर ढाला के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस ने तुरंत शुरू की कार्रवाई : घटना की सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थानाध्यक्ष सिंटू कुमार सदल-बल मौके पर पहुंचे। उन्होंने पिकअप के केबिन में फंसे शवों को कटवाकर बाहर निकलवाया और घायलों को उपचार के लिए पीएचसी भेजा। वहां पहुंचने पर तीनों ने दम तोड़ दिया। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक और मृतकों के परिजनों से संपर्क कर सूचना दी।
शोक की लहर : घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के स्वजनों में कोहराम मच गया और वे घटनास्थल की ओर रवाना हो गए। पूरा इलाका शोक की लहर में डूबा हुआ है।
रिपोर्ट: नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ संवाददाता, बेगूसराय







Total views : 68941










