जन सुराज पार्टी ने मटिहानी विधानसभा से आईजीआईएमएस के पूर्व डायरेक्टर डॉ. अरुण कुमार को दिया टिकट
बेगूसराय, 11 अक्टूबर 2025। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर जन सुराज पार्टी ने मटिहानी विधानसभा से एक बड़ा दांव खेला है। पार्टी ने आईजीआईएमएस (इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान) के पूर्व डायरेक्टर डॉ. अरुण कुमार को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। चिकित्सा क्षेत्र में 20 से अधिक वर्षों तक सेवा देने वाले डॉ. अरुण कुमार अब राजनीति में कदम रखकर समाज की जमीनी समस्याओं को हल करने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरे हैं।

डॉ. अरुण कुमार का बयान : टिकट मिलने के बाद मटिहानी में पत्रकारों से बात करते हुए डॉ. अरुण कुमार ने कहा, “मैं एक नए, स्वस्थ और सुरक्षित बिहार का सपना देखता हूं, जिसमें हर व्यक्ति को समान अवसर और सुरक्षा मिले। स्वास्थ सेवा में अपने अनुभव से समाज की समस्याओं को करीब से समझा है, अब इनका राजनीतिक समाधान निकालने के लिए राजनीति में आया हूं।” उन्होंने आगे कहा कि वे मटिहानी के मूल निवासी हैं और यहां की जनता के बीच वर्षों से कार्य करते आ रहे हैं। उन्होंने मटिहानी कि समस्या कि तरफ ध्यान दिलाते हुए कहा कि “मटिहानी में लड़कियों के लिए कॉलेज नहीं है, बेरोजगारी और अपराध की समस्या रही है। मैं उन सभी समस्याओं को दूर करने के लिए पूरी निष्ठा और लगन से काम करूंगा।”
जन सुराज पार्टी का दृष्टिकोण : वहीं पत्रकार वार्ता में जनसुराज के अभियान समिति के पदाधिकारी व अजीत गौतम ने कहा कि डॉ. अरुण कुमार जैसे ईमानदार, अनुभवी और दूरदर्शी नेतृत्व से मटिहानी की जनता को वास्तविक विकास और सुशासन की दिशा मिलेगी। अगर जनता ने जन सुराज को समर्थन दिया तो मटिहानी में “शिक्षा का जनसुराज मॉडल लागू किया जाएगा और दिनकर विश्वविद्यालय के निर्माण के प्रयासों को पूरा समर्थन दिया जाएगा। साथ ही दबंग, बाहुबली, शराब और बालू माफिया से क्षेत्र को मुक्त कराया जाएगा।” मौके पर पार्टी जिलाध्यक्ष रजनीश कुमार भी मौजूद थे।






Total views : 75871