बेगूसराय, 10 अक्टूबर 2025 | संवाददाता नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर बेगूसराय जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में आज से नामांकन प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत हो गई है। जिला प्रशासन की ओर से निर्वाची पदाधिकारियों द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं ताकि नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में पूरी हो सके।
पहले दिन कोई उम्मीदवार नहीं दाखिल कर सका नामांकन पत्र : चुनाव प्रक्रिया के पहले दिन बेगूसराय जिले के सातों विधान सभा क्षेत्रों से किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। अधिकारियों के अनुसार, आगामी दिनों में संभावित उम्मीदवारों द्वारा नामांकन जमा करने की संभावना है।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में नामांकन की सुविधा : भारत निर्वाचन आयोग ने नामांकन प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई है। अभ्यर्थी https://eci.gov.in वेबसाइट से नाम निर्देशन प्ररूप और प्रपत्र 26 (शपथ पत्र) डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा, https://suvidha.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन नामांकन, जमानत राशि जमा, और टाइम स्लॉट बुकिंग की सुविधा दी गई है।
ऑनलाइन शपथ पत्र और निर्वाचक प्रमाणक भी उपलब्ध : अभ्यर्थी ऑनलाइन शपथ पत्र भरकर उसका प्रिंट लेकर नॉटरीकृत रूप में रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।साथ ही, इच्छुक उम्मीदवार अपने निर्वाचक प्रमाणक को भी इसी पोर्टल के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करें और नामांकन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित तरीके से पूरा करें।





Total views : 68995










