जिला प्रशासन ने की तैयारी पूरी, सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर विशेष निर्देश। 85 वर्ष से अधिक और दिव्यांग मतदाताओं के लिए भी विशेष व्यवस्था
बेगूसराय, 8 अक्टूबर 2025: नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर बेगूसराय जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले की सभी सात विधानसभा सीटों के लिए नामांकन की प्रक्रिया 10 अक्टूबर से शुरू होगी। इसके लिए सभी निर्वाची पदाधिकारी और सहायक निर्वाची पदाधिकारी द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार नामांकन पत्र 11:00 बजे पूर्वाह्न से 3:00 बजे अपराह्न तक स्वीकार किए जाएंगे। नामांकन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर, संवीक्षा 18 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
पारदर्शी व्यवस्था और सुरक्षा पर जोर: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला ने नामांकन तैयारियों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि नामांकन प्रक्रिया की विडियोग्राफी और CCTV निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष रहे। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।
मतदान केंद्र और मतदाताओं की सुविधा : इस बार बेगूसराय जिले में 1,200 मतदाताओं पर एक मतदान केंद्र बनाया गया है। जिले में कुल 2,537 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। सभी बूथों का भौतिक सत्यापन और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं और पीडब्ल्यूडी (दिव्यांग) मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर और वॉलंटियर्स की व्यवस्था की गई है। यदि कोई मतदाता मतदान केंद्र जाने में असमर्थ है, तो वह प्रपत्र 12D भरकर बीएलओ के माध्यम से पोस्टल बैलेट द्वारा घर से मतदान कर सकता है। इस बार मतदान केंद्रों पर मोबाइल फोन जमा करने की व्यवस्था भी की जाएगी ताकि मतदान प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।
जिले में 21 लाख से अधिक निर्वाचक: बेगूसराय जिले की सातों विधानसभाओं में कुल 21,29,452 मतदाता हैं, जिनमें 11,30,640 पुरुष, 9,98,773 महिलाएं और 39 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।
मतदाता जागरूकता अभियान जारी: जिला प्रशासन द्वारा स्वीप कार्यक्रम (SVEEP) के तहत मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने का अभियान लगातार जारी है। डीएम तुषार सिंगला ने सभी विभागों को निर्देश दिया है कि वे जनता के बीच जाकर मतदान प्रतिशत (VTR) बढ़ाने के लिए जन-जागरूकता अभियान को और तेज करें।





Total views : 68962










