बेगूसराय, 26 सितंबर 2025। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में शुक्रवार को बड़ा कदम उठाया गया। वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह के कर-कमलों से 200 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी तुसार सिंघला, सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नसीम रजी, जिला लेखा प्रबंधक चतुर्भुज प्रसाद और जिला योजना समन्वयक प्रिया बसंत उपस्थित रहे।
145 उप-स्वास्थ्य केन्द्र बने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर: इस कार्यक्रम के तहत 145 उप-स्वास्थ्य केन्द्रों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के रूप में प्रारंभ किया गया है। इन केन्द्रों पर नियुक्त सीएचओ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराएँगे।
गिरिराज सिंह का संबोधन: गिरिराज सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। सीएचओ की नियुक्ति से गाँव-गाँव में बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचेंगी और लोगों को छोटी बीमारियों के लिए दूर अस्पताल जाने की जरूरत नहीं होगी।
सीएचओ की जिम्मेदारियाँ: स्वास्थ्य विभाग ने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को कई दायित्व सौंपे हैं, जिनमें शामिल हैं:👉 खाँसी, जुकाम, बुखार, सिरदर्द, पेट दर्द और छोटी चोटों का उपचार। 👉 प्राथमिक दवाइयों और परामर्श की उपलब्धता। 👉आयुष्मान भारत, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम और राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान का क्रियान्वयन। 👉 स्वच्छता, पोषण, परिवार नियोजन और मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर जागरूकता फैलाना।👉 स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े आँकड़ों का संग्रह और रिपोर्टिंग।
जिला स्वास्थ्य समिति की पहल: जिला स्वास्थ्य समिति का मानना है कि सीएचओ की नियुक्ति से ग्रामीण स्वास्थ्य ढाँचा मजबूत होगा। छोटी बीमारियों के लिए अस्पतालों पर दबाव घटेगा, जनता को समय पर उपचार मिलेगा और स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ेगी। बेगूसराय में 200 सीएचओ की नियुक्ति और 145 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की शुरुआत स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।





Total views : 68995










