बेगूसराय, 17 सितंबर 2025। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर आज देशव्यापी “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” और आठवें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया गया। इस अभियान को “स्वच्छता ही सेवा” के संकल्प से जोड़ा गया है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता पर विशेष बल देते हुए विकसित भारत 2047 के विजन को साकार करना है।
प्रधानमंत्री ने धार से किया राष्ट्रव्यापी शुभारंभ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश के धार से इस अभियान का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह पहल माताओं और बहनों को स्वास्थ्य एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का ऐतिहासिक कदम है।अभियान के तहत देशभर में 1 लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे। इनमें उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर, क्षय रोग, कुष्ठ, एनीमिया और सिकल सेल रोग जैसी बीमारियों की जांच और उपचार की सुविधा होगी। गर्भवती महिलाओं के लिए प्रसव पूर्व देखभाल, किशोरियों के लिए मासिक धर्म स्वच्छता सत्र और पोषण परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा।
बेगूसराय में गिरिराज सिंह ने किया शुभारंभ: बेगूसराय जिले में इस अभियान की शुरुआत सांसद एवं केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कारगिल भवन प्रांगण से की। मंत्री ने स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित शिविरों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर महिलाओं और बच्चों को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। जिले में 7,500 से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पोषण जागरूकता सत्र आयोजित होंगे।
जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों की उपस्थिति: कार्यक्रम में विधायक राजकुमार सिंह, कुंदन सिंह, विधान पार्षद सर्वेश कुमार, मेयर पिंकी देवी, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त और सिविल सर्जन सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने अभियान को स्वास्थ्य और स्वच्छता की दिशा में बड़ी पहल बताया।
सेवा पखवाड़ा और पोषण माह: 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान को सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जाएगा। साथ ही, 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन होगा। इस अवधि में निजी क्षेत्र और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन की अपील: जिला पदाधिकारी श्री तुषार सिंगला ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि अभियान का लाभ अधिकतम लोगों तक पहुंचे। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे स्वास्थ्य जांच करवाएं और स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाएं।नागरिक अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या आंगनबाड़ी से संपर्क कर सकते हैं।





Total views : 63194