बेगूसराय, 17 सितंबर 2025। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिले में आज “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान” और “स्वच्छता ही सेवा-2025” अभियान का शुभारंभ किया गया। समाहरणालय स्थित कारगिल विजय भवन में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद सह केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने किया। इस अवसर पर जिले के कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

आशा वर्कर्स को नियुक्ति पत्र वितरण: कार्यक्रम में 700 आशा वर्कर्स को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। मंत्री गिरिराज सिंह ने आशा कार्यकर्ताओं से निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य और परिवार की मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

स्वच्छता रथ को हरी झंडी: “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत जागरूकता फैलाने के लिए स्वच्छता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला ने कहा कि यह रथ जिले के विभिन्न इलाकों में जाकर लोगों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक करेगा। साथ ही उन्होंने नागरिकों से घर-आसपास सफाई अभियान चलाने की अपील की।

स्वास्थ्य शिविर का आयोजन: सदर अस्पताल, बेगूसराय में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन भी मंत्री गिरिराज सिंह ने किया। यहाँ महिलाओं और बच्चियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके साथ ही लाभुकों के बीच आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड का वितरण भी किया गया।
श्रमदान अभियान से स्वच्छता संदेश: कार्यक्रम के क्रम में NH-31 पर श्रमदान के तहत सफाई अभियान चलाया गया। इसमें मंत्री, जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और अधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस पहल से जिले में स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का मजबूत संदेश दिया गया।





Total views : 68998










