बेगूसराय, 14 सितम्बर 2025 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
युवा शंखनाद कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ : बेगूसराय के कंकौल स्थित प्रेक्षागृह में भाजयुमो जिलाध्यक्ष शशांक शेखर की अध्यक्षता में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों से आए युवाओं के साथ “युवा शंखनाद” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने भाग लिया। युवाओं के जोश और जयघोष से पूरा माहौल सकारात्मक रहा और हाॅल में कुर्सियां कम पड़ गईं।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का संबोधन : कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि युवाओं के संकल्प और सकारात्मक सोच से ही प्रदेश नई दिशा पा सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल पर छात्र-नौजवानों को स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना से लाभ मिल रहा है और महिलाओं को रोजगार के लिए कई योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनके परिवार ने बिहार को रसातल में धकेला, वही अब सत्ता का सपना देख रहे हैं। लेकिन प्रदेश के युवा ऐसे मनसूबों को पूरा नहीं होने देंगे।
एनडीए नेताओं ने रखे विचार: भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष भारतेन्दु मिश्रा ने कहा कि आने वाले चुनाव में युवा साथी एनडीए सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। केंद्रीय मंत्री एवं सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार विकास की रफ्तार पकड़ चुका है और जनता ने फिर एनडीए सरकार बनाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए नीतीश कुमार व नरेंद्र मोदी का योगदान अतुलनीय है।
अन्य नेताओं की मौजूदगी : इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, प्रदेश महामंत्री शशि रंजन, नगर विधायक कुंदन कुमार, भाजयुमो राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीष कुमार, विधान पार्षद सर्वेश कुमार, समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन जिलाध्यक्ष शशांक शेखर ने किया। मौके पर भाजयुमो पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।





Total views : 63194