लखीसराय, 5 सितम्बर 2025
अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर लखीसराय में इस वर्ष भव्य ‘लक्खी अमृत महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव का उद्घाटन बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे, वहीं कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध गायक-अभिनेता एवं लोकसभा सांसद मनोज तिवारी भी शामिल होंगे।
सिमरिया से जल लेकर अशोक धाम तक यात्रा: उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने जानकारी दी कि महोत्सव के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु सिमरिया धाम में एकत्रित होकर जल भरेंगे। सिमरिया धाम न केवल कल्पवास का प्राचीन स्थान है, बल्कि यह मगध, अंग और मिथिला की सांस्कृतिक त्रिवेणी पर भी अवस्थित है। श्रद्धालु सिमरिया से जल लेकर दुखहरण बाबा स्थान, हाथीदह पहुँचेंगे और संकल्प लेने के बाद समूहबद्ध होकर अशोक धाम (इन्द्रदमनेश्वर महादेव मंदिर) पहुँचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। इसके साथ ही समुद्र मंथन से निकले विष के शमन हेतु महादेव का रुद्राभिषेक भी किया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में मनोज तिवारी होंगे आकर्षण शाम को के. आर. के. मैदान, लखीसराय में भव्य महाआरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस अवसर पर गायक-अभिनेता एवं सांसद मनोज तिवारी मुख्य आकर्षण होंगे और अपनी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
विरासत और विकास का संदेश: श्री सिन्हा ने कहा कि यह पर्व समुद्र मंथन के बाद क्षीरसागर से माता लक्ष्मी के प्रादुर्भाव का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इसी विरासत के कारण इस क्षेत्र का नामकरण माता लक्ष्मी के नाम पर पहले लक्खीसराय हुआ था, जो बाद में अपभ्रंश होकर लखीसराय कहलाने लगा। उन्होंने कहा कि अनंत चतुर्दशी के इस पावन पर्व पर हम सभी बिहारवासी अपनी भक्ति, शक्ति और युक्ति से आरजकता और आतंक फैलाने वाली आसुरी शक्तियों से मुक्ति सुनिश्चित करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सबके संतुष्टिकरण और सशक्तिकरण के जरिए विकसित और गौरवशाली बिहार बनाने के संकल्प को पूरा करेंगे।





Total views : 68995










