बेगूसराय 05 जून, 2025
बिहार सरकार ने बरौनी रेलवे स्टेशन से तिलरथ रेलवे स्टेशन के बीच लेवल क्रॉसिंग 61 राजवाड़ा के ऊपर आरओबी निर्माण कराने हेतु एवं बरौनी-तेघड़ा रेलवे स्टेशन के बीच लेवल क्रॉसिंग 7B में बरौनी अम्बे सिनेमा के पास के पास आरओबी निर्माण कराने हेतु स्वीकृति दे दी है। 3 जून को मंत्रिपरिषद् की बैठक में बेगूसराय जिला अंतर्गत उपरोक्त दोनों आरओबी निर्माण हेतु प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई। पथ निर्माण विभाग द्वारा लेवल क्रॉसिंग 7B पर आरओबी निर्माण के लिए राज्यांश मद से 34 करोड़ 52 लाख 46 हजार सहित कुल 146 करोड़ 36 लाख 52 हजार रूपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। साथ ही लेवल क्रॉसिंग 61 पर आरओबी निर्माण के लिए राज्यांश मद से 30 करोड़ 76 लाख 38 हजार सहित 66 करोड़ 39 लाख 51 हजार की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।बतातें चलें कि बरौनी जंक्शन बेगूसराय जिला सहित उत्तर बिहार का महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है। यहां पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन होता है तथा भारत के विभिन्न शहरों में जाने के लिए लोगों को बरौनी जंक्शन रेलवे स्टेशन आना पड़ता है। जिस कारण जंक्शन के दोनों छोर पर स्थित लेवल क्रॉसिंग पर लगातार ट्रेनों के आवागमन से हमेशा रेल्वे फाटक बंद रहती है, जिससे स्थानीय लोगों सहित बरौनी स्टेशन से ट्रेन से आने-जाने वाले लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है एवं समय की बर्बादी होती है। बेगूसराय जिलेवासियों द्वारा उपरोक्त दोनों लेवल क्रॉसिंग पर लंबे समय से आरओबी निर्माण की मांग की जा रही थी। जिला प्रशासन द्वारा इसकी जानकारी देते हुए बताया गया कि जल्द ही दोनों आरओबी निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया की जायेगी, जिसके बाद कार्य प्रारंभ किया जायेगा।