137 खाद दुकानों पर हुई छापेमारी, 21 में मिली अनियमितता; एक विक्रेता पर FIR, एक का लाइसेंस रद्द और एक निलंबित, जर्जर विद्यालय भवन, पेयजल संकट, राशन की गुणवत्ता, आवास योजना और बुडको के धीमे कार्यों पर जनप्रतिनिधियों ने उठाए सवाल
बेगूसराय, 27 नवंबर 2026 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय। समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में शुक्रवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सहकारिता विभाग, बिहार सरकार के मंत्री सह बेगूसराय के प्रभारी मंत्री श्री राम कृपाल यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं और आम लोगों को हो रही परेशानियों को प्रमुखता से उठाया। प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने किया प्रभारी मंत्री का स्वागत: बैठक में जिला पदाधिकारी रिची पांडेय, पुलिस अधीक्षक मनीष, विधान पार्षद उर्मिला ठाकुर एवं सुरेश राय, तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार, महापौर अनीता राय, जिला परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान, बीस सूत्री उपाध्यक्ष राजीव वर्मा सहित जिले के सभी संबंधित पदाधिकारी एवं बीस सूत्री समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के प्रारंभ में जिला पदाधिकारी ने प्रभारी मंत्री का स्वागत किया। इसके बाद पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन से संबंधित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। सदस्यों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं और योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों को विस्तार से रखा।
जर्जर विद्यालय भवन और बिजली के तारों का मुद्दा उठा: बैठक में शिक्षा एवं विद्युत विभाग से संबंधित समस्याओं पर चर्चा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं की कमी, जर्जर भवनों और बिजली के पुराने एवं जर्जर तारों से उत्पन्न खतरे की ओर प्रभारी मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया। विशेष रूप से मंसूरचक प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, गणपतौल के जर्जर भवन का मामला उठाया गया। इस पर प्रभारी मंत्री ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालय भवन की स्थिति की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
सभी विद्यालयों में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश: लोक स्वास्थ्य प्रमंडल की समीक्षा के दौरान जिले के सभी विद्यालयों में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने का मामला सामने आया। इस पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित पदाधिकारी को सभी विद्यालयों में पेयजल की उपलब्धता की जांच कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में पेयजल की व्यवस्था नहीं है, वहां आवश्यक कार्रवाई करते हुए शुद्ध पेयजल की सुविधा सुनिश्चित की जाए।
नल-जल योजना की जांच के लिए गठित होगी उच्चस्तरीय समिति: नल-जल योजना की समीक्षा के दौरान कई क्षेत्रों में योजना बंद रहने, पेयजल आपूर्ति बाधित होने और पंप ऑपरेटरों के मानदेय का लंबे समय से भुगतान नहीं होने का मामला जनप्रतिनिधियों ने उठाया। तेघड़ा विधायक ने भी इस समस्या को प्रमुखता से रखा। इसके साथ ही पांच वर्ष की अवधि पूरी कर चुकी योजनाओं के रखरखाव और भविष्य की कार्ययोजना से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने की मांग की गई। इस पर संबंधित विभागीय पदाधिकारी ने बताया कि जिले की लगभग 90 प्रतिशत नल-जल योजनाएं पांच वर्ष की अवधि पूरी कर चुकी हैं। ऐसी योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव के लिए नए सिरे से निविदा की प्रक्रिया की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी मंत्री ने जिला पदाधिकारी को एक उच्चस्तरीय समिति गठित कर जिले की नल-जल योजनाओं की व्यापक जांच कराने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने तथा अगली बैठक में जांच और कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा।
जनवितरण प्रणाली के चावल की गुणवत्ता सुधारने का निर्देश: आपूर्ति विभाग की समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने जनवितरण प्रणाली के माध्यम से लाभुकों को उपलब्ध कराए जा रहे चावल की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। सदस्यों ने खाद्यान्न की गुणवत्ता में सुधार की आवश्यकता जताई। इस पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित पदाधिकारियों को खाद्यान्न की गुणवत्ता की जांच कराने और सभी लाभुकों को गुणवत्तापूर्ण राशन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित भुगतान पर हुई चर्चा: प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत लाभुकों को दूसरी किस्त के भुगतान से संबंधित लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारी ने बताया कि आवंटन की कमी के कारण भुगतान लंबित है। इस पर प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि आवंटन प्राप्त होते ही पात्र लाभुकों को नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही स्वीकृत आवासों का निर्माण निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाए।
बुडको के धीमे कार्यों पर जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी: बुडको द्वारा जिले में कराए जा रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। सदस्यों ने कहा कि कई योजनाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी नहीं हो रही हैं, जिसके कारण आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर प्रभारी मंत्री ने बुडको के संबंधित पदाधिकारी को जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेने, कार्यों में तेजी लाने और सभी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
137 खाद दुकानों पर छापेमारी, 21 में मिली अनियमितता: कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी ने जिले में उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण से संबंधित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि जिले में खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। हालांकि, जनप्रतिनिधियों ने खाद की कालाबाजारी और किसानों से डीएपी सहित अन्य उर्वरकों के लिए निर्धारित दर से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायत उठाई। इस पर जिला पदाधिकारी ने बताया कि उर्वरक की कालाबाजारी एवं अनियमित बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अब तक जिले में 137 उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई है, जिनमें 21 प्रतिष्ठानों में अनियमितता पाई गई है। कार्रवाई के तहत एक विक्रेता के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, एक की अनुज्ञप्ति रद्द की गई है तथा एक की अनुज्ञप्ति निलंबित की गई है। वहीं, 18 अन्य विक्रेताओं से स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्रभारी मंत्री ने उर्वरक की कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण रखने और किसानों को निर्धारित सरकारी दर पर खाद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
लंबित मामलों का प्राथमिकता से करें निष्पादन : प्रभारी मंत्री: बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याएं सीधे आम जनता से जुड़ी हुई हैं। इसलिए सभी विभागीय पदाधिकारी इन मामलों को गंभीरता से लें और इनके समाधान के लिए तत्परता से कार्रवाई करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बैठक में उठाए गए सभी बिंदुओं पर नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा लंबित मामलों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। साथ ही अगली बैठक में सभी विभाग अपनी कार्रवाई एवं अनुपालन का अद्यतन प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को बैठक में उठाए गए मुद्दों पर अग्रेतर कार्रवाई करते हुए प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने समिति के सदस्यों से भी अनुरोध किया कि किसी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित पदाधिकारी से मिलकर उन्हें अवगत कराएं, ताकि समस्याओं का समय पर समाधान और विकास कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।बैठक के अंत में नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर ने धन्यवाद ज्ञापन किया।







Total views : 119026