बेगूसराय, 27 नवंबर 2026 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
श्रमिक एकजुटता, अधिकारों और संघर्ष की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
बरौनी (बेगूसराय)। बरौनी रिफाइनरी की मान्यता प्राप्त यूनियन बरौनी तेलशोधक मजदूर यूनियन (BTMU) का 64वां स्थापना दिवस शुक्रवार को रिफाइनरी परिसर स्थित सूरज भवन में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में श्रमिक एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती का उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर यूनियन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं सदस्यों ने संगठन के गौरवशाली इतिहास, संघर्ष और मजदूरों के हितों के लिए किए गए योगदान को याद किया। समारोह के दौरान यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष रजनीश रंजन, अतिरिक्त महासचिव संजीव कुमार एवं वरिष्ठ कर्मचारी सब्बीर अली खान सहित अन्य सदस्यों ने केक काटकर एक-दूसरे को स्थापना दिवस की बधाई दी।
संगठन को और मजबूत एवं प्रभावशाली बनाना हमारा लक्ष्य : संजीव कुमार: समारोह को संबोधित करते हुए यूनियन के अतिरिक्त महासचिव संजीव कुमार ने कहा कि 64 वर्षों की यह यात्रा हमारे पूर्वज श्रमिक साथियों के संघर्ष, त्याग और दूरदर्शिता का परिणाम है। यूनियन ने हमेशा मजदूरों के सम्मान, अधिकार और कल्याण को सर्वोपरि रखा है। उन्होंने कहा कि इस गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाते हुए संगठन को और मजबूत, धारदार एवं प्रभावशाली बनाने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं, यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष रजनीश रंजन ने कहा कि किसी भी संगठन की असली ताकत उसकी एकता और सामूहिक संघर्ष में निहित होती है। 64 वर्षों का यह पड़ाव केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि अपने दायित्वों और संकल्पों को दोहराने का भी अवसर है।
यूनियन के संगठन सचिव भोगेंद्र कुमार कमल ने कहा कि आने वाली पीढ़ी के लिए एक सशक्त और संघर्षशील श्रमिक संगठन की विरासत तैयार करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
समारोह में यूनियन के उपाध्यक्ष राम प्रमोद कुमार राय, अमित कुमार, बालमुकुंद कुमार, विजय कुमार शर्मा, सचिव दिवाकर कुमार, वागीश आनंद, अभय कुमार, रमेश कुमार, प्रशांत कुमार, केके शर्मा, संतोष कुमार, संजय कुमार गुप्ता तथा कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार सहित बड़ी संख्या में यूनियन के सदस्य एवं श्रमिक साथी उपस्थित थे।
समारोह के माध्यम से श्रमिक एकता, संगठन की मजबूती और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प दोहराया गया।







Total views : 119026