बेगूसराय, 27 नवंबर 2026 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बीहट (बेगूसराय)। विश्व एड्स दिवस के अवसर पर आगामी 1 दिसंबर को बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति (BGJAS) एवं मध्य विद्यालय, बीहट के संयुक्त तत्वावधान में पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को HIV/AIDS के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समाज में फैली भ्रांतियों और भेदभाव को दूर करने का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को BGJAS के कार्यकारी निदेशक इंजीनियर कौशलेंद्र कुमार, मध्य विद्यालय बीहट के प्रधानाध्यापक रंजन कुमार तथा दोनों संस्थानों के टीम सदस्यों के बीच बैठक हुई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, आवश्यक तैयारियों और कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विद्यालय स्तर पर रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को HIV/AIDS से संबंधित सही एवं वैज्ञानिक जानकारी देने पर विशेष जोर दिया गया। आयोजकों का मानना है कि जागरूक विद्यार्थी अपने परिवार और समाज तक भी सही जानकारी पहुंचाकर जागरूकता अभियान को मजबूत बना सकते हैं।
इस अवसर पर BGJAS के कार्यकारी निदेशक इंजीनियर कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि, “HIV/AIDS के विरुद्ध लड़ाई केवल चिकित्सा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जागरूकता, वैज्ञानिक सोच, सामाजिक संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी से जुड़ा अभियान है। विद्यालयों के माध्यम से बच्चों एवं किशोरों तक सही जानकारी पहुंचाना एक स्वस्थ एवं भेदभाव-मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष 1 दिसंबर को विश्व एड्स दिवस मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य HIV संक्रमण की रोकथाम, समय पर जांच एवं उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा HIV के साथ जीवन जी रहे लोगों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का भाव विकसित करना है।प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही समाज में यह संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा कि HIV/AIDS को लेकर किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए और इससे प्रभावित लोगों को सम्मान एवं सहयोग मिलना चाहिए। आयोजकों ने ‘जागरूकता ही बचाव है, भेदभाव नहीं, सम्मान दें’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया है।






Total views : 119030