बेगूसराय, 18 नवंबर 2026।नेशनल पॉजिटिव न्यूज़।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे, एसआईआर रद्द करने, प्रश्नपत्र लीक रोकने और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर होगा आंदोलन।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) बेगूसराय जिला परिषद की बैठक बुधवार को कार्यानंद भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व विधायक राम रतन सिंह ने की। बैठक में आगामी 1, 2 और 3 दिसंबर को प्रस्तावित जेल भरो आंदोलन को सफल बनाने के लिए विस्तार से चर्चा करते हुए आंदोलन की रूपरेखा एवं तैयारियों पर रणनीति बनाई गई। बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा के जिला मंत्री एवं पूर्व विधायक अवधेश कुमार राय ने बताया कि पार्टी अपने राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत 1 से 3 दिसंबर तक बेगूसराय में जेल भरो आंदोलन करेगी। इस आंदोलन के प्रमुख मुद्दों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, एसआईआर को रद्द करने, प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं पर रोक लगाने सहित विभिन्न जनसमस्याएं शामिल हैं। उन्होंने सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि यह सरकार जनविरोधी है। ऐसी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए आम जनता को संघर्ष का रास्ता अख्तियार करना होगा।
बैठक की शुरुआत जिला कार्यकारिणी सदस्य राज किशोर सिंह द्वारा शोक प्रस्ताव पेश करने के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित सदस्यों ने एक मिनट का मौन रखकर दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि दी।आंदोलन की तैयारी को लेकर निर्णय लिया गया कि पार्टी के अंचल मंत्री जमीनी स्तर पर बैठकें आयोजित कर लोगों को सरकार की जनविरोधी नीतियों से अवगत कराएंगे तथा अधिक से अधिक लोगों को आंदोलन में शामिल होने की अपील करेंगे। इसके लिए अंचल स्तरीय बैठकें भी आयोजित की जाएंगी। बैठक में लगातार तीन दिनों तक जेल भरो आंदोलन को प्रभावी और व्यापक बनाने के लिए जोरदार आंदोलन करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में भाकपा की राज्य सचिवमंडल सदस्य उषा सहनी ने राज्यस्तरीय कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से अपनी बात रखी। वहीं जिला सचिवमंडल सदस्य राजेंद्र चौधरी, शिक्षक नेता प्रताप नारायण सिंह, पूर्व विधायक सूर्यकांत पासवान, अमीन हमजा, संजीव कुमार सिंह, राजेंद्र सहनी एवं चंद्रभूषण सिंह ने भी आंदोलन को सफल बनाने के लिए अपने विचार रखे। बैठक में भूमिहीनों को उनकी जमीन वापस दिलाने, खाद की कालाबाजारी बंद करने, बेगूसराय में दिनकर विश्वविद्यालय की अविलंब स्थापना करने तथा नई शिक्षा नीति 2020 को वापस लेने सहित विभिन्न स्थानीय एवं जनहित के मुद्दों को भी आंदोलन में शामिल किया गया। बैठक में अमरेश कुमार, सत्यम भारद्वाज, सत्यनारायण, टुनटुन दास, सनातन सिंह, मनोज पटेल, चंद्रभूषण सिंह, प्रहलाद सिंह, दिलेर अफगन, प्रदीप चिंटू, श्याम बहादुर सिंह सहित जिला परिषद के दर्जनों सदस्य उपस्थित थे। भाकपा नेताओं ने कहा कि जनसमस्याओं को लेकर पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा और आगामी दिसंबर में प्रस्तावित तीन दिवसीय जेल भरो आंदोलन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटेंगे।







Total views : 117326