जिला मिलन समारोह में संगठन को मजबूत बनाने पर जोर, व्यवसायियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण का मुद्दा भी उठा
खगड़िया, 06 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के खगड़िया जिला कार्यालय में गुरुवार को व्यवसायिक प्रकोष्ठ का जिला मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान संगठन का विस्तार करते हुए 100 से अधिक पदाधिकारियों को विभिन्न पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार निराला, प्रदेश प्रधान महासचिव दीपक कुमार एवं प्रदेश उपाध्यक्ष रमन कुमार सिन्हा मुख्य रूप से शामिल हुए।
समारोह में पहुंचे प्रदेश पदाधिकारियों का पार्टी कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष मनीष कुमार ने की, जबकि व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष दीपक कुमार ने संगठन विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार निराला ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ के संकल्प को पूरा करने के लिए संगठन लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में व्यवसायियों को सुरक्षित और भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराना जरूरी है।
प्रदेश उपाध्यक्ष रमन कुमार सिन्हा ने कहा कि व्यवसायियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन हर स्तर पर आवाज उठाएगा। वहीं, जिलाध्यक्ष मनीष कुमार ने कहा कि खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा व्यवसायियों के हितों के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।
प्रदेश प्रधान महासचिव दीपक कुमार ने जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और सूखे नशे के प्रसार पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा और नशे पर नियंत्रण की मांग को लेकर पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करेगा। उन्होंने स्वर्ण व्यवसायियों के साथ हो रही लूटपाट की घटनाओं को भी गंभीरता से उठाने की बात कही।
कई प्रखंडों में सौंपी गई संगठन की जिम्मेदारी
व्यवसायिक प्रकोष्ठ की जिला कमेटी में दीपक कुमार को जिला अध्यक्ष, कृष्ण कुमार को महासचिव, ठाकुर विवेक कुमार को कोषाध्यक्ष, गोपाल पोद्दार को उपाध्यक्ष तथा सोनू कुमार एवं मुकेश कुमार को सचिव बनाया गया।
सदर प्रखंड कमेटी में रमन कुमार को अध्यक्ष, प्रकाश कुमार को महासचिव, पंकज कुमार को कोषाध्यक्ष, सर्वोत्तम कुमार एवं प्रियदर्शन कुमार को उपाध्यक्ष, आकाश कुमार को सचिव तथा संजीव कुमार एवं रवि कुमार गुप्ता को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई।
परबत्ता प्रखंड में प्रशांत कुमार को अध्यक्ष, उत्तम कुमार को महासचिव, किशोर कुमार को कोषाध्यक्ष एवं रवि कुमार को सचिव बनाया गया। वहीं, चौथम प्रखंड अध्यक्ष की जिम्मेदारी अनिल कुमार को सौंपी गई।
कार्यक्रम के अंत में नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन को मजबूत बनाने और व्यवसायियों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई। समारोह में पार्टी के जिला पदाधिकारी, व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।






Total views : 115170