बेगूसराय 4 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
ऋषभ पांडेय की हैट्रिक भी पटना को नहीं दिला सकी जीत, उत्कर्ष आनंद की नाबाद 52 रनों की पारी और प्रेमकांत की घातक गेंदबाजी ने दिलाई मुंगेर को खिताबी सफलता
गांधी स्टेडियम बेगूसराय में बुधवार को आयोजित राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय क्रिकेट बालक अंडर-19 प्रतियोगिता 2026-27 का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। खिताबी मुकाबले में मुंगेर प्रमंडल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पटना प्रमंडल को 30 रनों से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पटना की टीम उपविजेता रही।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं खेल विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल को देखने के लिए गांधी स्टेडियम में बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे। दर्शकों ने पूरे मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
उत्कर्ष आनंद की नाबाद 52 रनों की पारी से मुंगेर ने बनाया 153 रन:
फाइनल मुकाबले में पटना प्रमंडल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंगेर प्रमंडल की पूरी टीम 20 ओवर में 153 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। मुंगेर की ओर से उत्कर्ष आनंद ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 52 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं विकास ने 34 और अविनाश पोद्दार ने 24 रन बनाए।
पटना की ओर से ऋषभ पांडेय ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए तीन ओवर में 25 रन देकर पांच विकेट झटके। इस दौरान उन्होंने हैट्रिक भी बनाई। हिमांशु ने दो विकेट हासिल किए।
प्रेमकांत और विद्यानंद की गेंदबाजी के सामने पटना की टीम ढेर
154 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पटना प्रमंडल की टीम 19.5 ओवर में 123 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। पटना की ओर से कप्तान दिवाकर ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 68 रन बनाए, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।
मुंगेर की ओर से प्रेमकांत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 19 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। विद्यानंद ने भी चार ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि अविनाश पोद्दार ने दो विकेट हासिल किए। इस तरह मुंगेर ने 30 रनों से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
प्रेमकांत बने मैन ऑफ द मैच, कुमार सान को मैन ऑफ द सीरीज
फाइनल मुकाबले में शानदार गेंदबाजी के लिए मुंगेर के प्रेमकांत को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले पटना प्रमंडल के हरफनमौला खिलाड़ी कुमार सान को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने प्रतियोगिता के तीन मैचों में आठ विकेट लेने के साथ 32 रन भी बनाए।
डीएम रिची पांडेय ने विजेता और उपविजेता टीम को दी ट्रॉफी
प्रतियोगिता के समापन समारोह में जिला पदाधिकारी रिची पांडेय, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रंजीत कुमार और जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से विजेता मुंगेर और उपविजेता पटना की टीम को ट्रॉफी प्रदान की।
इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए डीएम रिची पांडेय ने कहा कि दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। दर्शकों ने भी पूरे उत्साह के साथ फाइनल मुकाबले का आनंद लिया। खेल में जीत और हार लगी रहती है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण है खेल भावना के साथ अपनी क्षमता का सर्वोच्च प्रदर्शन करना। खेल हमें एकजुटता, भाईचारे और आपसी सहयोग का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं बिहार सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ जैसी पहल के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। खेल से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। विद्यालय स्तर से ही प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें उचित प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
डीएम ने सभी युवा खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बिहार सरकार, खेल विभाग और जिला प्रशासन बेगूसराय के प्रति आभार व्यक्त किया।
बेगूसराय की मेजबानी की खिलाड़ियों ने की सराहना
जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार ने कहा कि बेगूसराय में प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ। बिहार के विभिन्न प्रमंडलों से आए खिलाड़ियों और टीमों ने यहां की मेजबानी की सराहना की है। आयोजन को सफल बनाने में शारीरिक शिक्षकों ने दिन-रात मेहनत की। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर बिहार का नाम रोशन करेंगे।
आयोजन में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
फाइनल मुकाबले में शिक्षक गौरव कुमार पाठक ने उद्घोषक के रूप में शानदार कमेंट्री कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और दर्शकों का मनोरंजन किया। निर्णायक की भूमिका बक्सर के राजीव कमल मिश्रा एवं खगड़िया के दीपक कुमार ने निभाई। वहीं राम और मंतोष ने स्कोरर की जिम्मेदारी संभाली।
इस अवसर पर बेगूसराय जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश भी उपस्थित रहे। समापन समारोह में दोनों टीमों के खिलाड़ियों एवं टीम प्रभारियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शारीरिक शिक्षक विश्वजीत कुमार, अरविंद कुमार, बबलू, ब्रजेश, दीपक, चिरंजीवी, शशिकांत, शुभम, रितेश, मणिकांत सहित अन्य शारीरिक शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।






Total views : 114867