‘मेरा युवा भारत’ के तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन, पहली बार मतदान करने वाले युवाओं की भूमिका और नागरिक जिम्मेदारियों पर हुई चर्चा
बेगूसराय, 3 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत ‘मेरा युवा भारत’ (My Bharat), बेगूसराय के तत्वावधान में मंगलवार को गणेश दत्त महाविद्यालय, बेगूसराय में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ का भव्य आयोजन किया गया। जिला युवा अधिकारी विवेक वैष्णवी के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक जागरूकता बढ़ाना, उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को मजबूत करना था।
देशभर के 500 शिक्षण संस्थानों में चल रहा युवा संवाद अभियान
गौरतलब है कि 26 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक देशभर के 500 विश्वविद्यालयों, कॉलेजों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रव्यापी ‘विकसित भारत युवा संवाद’ अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में बेगूसराय के गणेश दत्त महाविद्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया गया।
शशांक शेखर रहे मुख्य अतिथि, खेल और युवा क्षेत्र की हस्तियों ने की शिरकत
कार्यक्रम में समाजसेवी एवं युवा नेता शशांक शेखर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, स्पोर्ट्स आइकन शिखा कुमारी एवं शिक्षा कुमारी और यूथ आइकन सुमित कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। गणेश दत्त महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अवधेश कुमार सिंह ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
युवाओं को सकारात्मक दिशा में ऊर्जा लगाने की अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला युवा अधिकारी विवेक वैष्णवी ने युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने और राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं की सक्रिय भागीदारी को देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
मुख्य अतिथि शशांक शेखर ने कहा कि युवा एक सुरक्षित, प्रगतिशील और अनुशासित समाज की रीढ़ हैं। जब युवा अपनी ऊर्जा को नागरिक कर्तव्यों, कानून के पालन और जिम्मेदारी की भावना के साथ जोड़ते हैं, तभी वे विकसित भारत के सच्चे निर्माता बनते हैं।
पहली बार मतदान करने वाले युवाओं की भूमिका पर चर्चा
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों और अतिथियों के बीच आयोजित संवाद सत्र रहा। इसमें विद्यार्थियों ने शासन व्यवस्था में युवाओं की भागीदारी, नागरिक उत्तरदायित्व और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे और सवाल पूछे।
विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए यूथ आइकन सुमित कुमार ने कहा कि वास्तविक लोकतंत्र तभी मजबूत होता है, जब प्रत्येक युवा नागरिक, विशेषकर पहली बार मतदान करने वाले मतदाता, देश के भविष्य को आकार देने में सक्रिय, निडर और जागरूक होकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हैं।
लोकतांत्रिक प्रतिज्ञा के साथ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने ‘लोकतांत्रिक प्रतिज्ञा’ ली। इसके माध्यम से उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों, जागरूक सहभागिता और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर गणेश दत्त महाविद्यालय के प्राचार्य ने अतिथियों का अभिनंदन किया तथा अंत में महाविद्यालय के प्राचीन इतिहास विभाग के प्रोफेसर डॉ. कुंदन ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
स्वयंसेवकों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम का कुशल संचालन अंकित कुमारी एवं सुमित कुमार ने किया। वहीं, ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवक अजीत कुमार, प्रह्लाद झा, दीपा कुमारी, नीतिका कुमारी, यशवंत कुमार आर्या सहित अन्य स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम के समन्वय एवं प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं से जोड़ने और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि ‘विकसित भारत युवा संवाद’ जैसी पहल युवाओं को अपने विचारों, सपनों और जिम्मेदारियों के माध्यम से ‘विकसित भारत @ 2047’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रेरित करती है।





Total views : 114577