HIV/AIDS की रोकथाम और 95:95:95 लक्ष्य हासिल करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर
बिहार पार्टनर्स फोरम की वार्षिक आमसभा (AGM) 3 नवंबर 2026 को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता फोरम के मीटिंग कन्वेनर इं. कौशलेंद्र कुमार ने की। इसमें फोरम के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं, कुछ सदस्य ऑनलाइन माध्यम से भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक के दौरान संगठन को मजबूत बनाने और आगामी कार्ययोजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से नई कार्यसमिति का गठन किया गया। सर्वसम्मति से अमित कुमार को सह संयोजक, राकेश कुमार सिन्हा को महासचिव, अमर कुमार को कोषाध्यक्ष तथा ठाकुर रविंद्र नाथ को संगठन सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा विभिन्न सदस्य संगठनों के प्रतिनिधियों को शामिल कर कार्यसमिति का विस्तार भी किया गया।
बैठक में HIV/AIDS की रोकथाम, नियंत्रण और सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि बिहार पार्टनर्स फोरम स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न संगठनों का साझा मंच है। इसका उद्देश्य HIV/AIDS के खिलाफ काम करने वाली संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय, अनुभवों का आदान-प्रदान और सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना है। फोरम का गठन तत्कालीन परियोजना निदेशक, बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति (BSACS) एवं वरिष्ठ IAS अधिकारी के.के. पाठक की पहल पर किया गया था।
बैठक का प्रमुख मुद्दा HIV/AIDS उन्मूलन के लिए निर्धारित 95:95:95 लक्ष्य की प्राप्ति रहा। इसके तहत HIV के साथ जीवनयापन कर रहे 95 प्रतिशत लोगों को अपनी HIV स्थिति की जानकारी देना, HIV पॉजिटिव पाए गए 95 प्रतिशत लोगों को एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी (ART) से जोड़ना तथा ART ले रहे 95 प्रतिशत लोगों का वायरल लोड नियंत्रित करना शामिल है।
इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, उपचार की निरंतरता सुनिश्चित करने और समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया। सदस्यों ने कहा कि HIV/AIDS के खिलाफ अभियान को सफल बनाने के लिए जमीनी स्तर पर काम करने वाले संगठनों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इन संगठनों की क्षमता वृद्धि, संसाधनों की उपलब्धता और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने बिहार पार्टनर्स फोरम को एक सक्रिय, जवाबदेह और सशक्त साझा मंच के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया। साथ ही HIV/AIDS की रोकथाम, प्रभावित समुदायों के अधिकारों की रक्षा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति बनी।
बैठक का समापन संगठन की एकजुटता, प्रतिबद्धता और सामूहिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने के संकल्प के साथ हुआ।
बिहार पार्टनर्स फोरम का संकल्प है—सामूहिक प्रयास, सशक्त समुदाय और HIV मुक्त समाज की ओर।





Total views : 114577