डीएम रिची पांडेय ने विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ मतदान
बेगूसराय | 23 अक्टूबर 2026 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय। बिहार विधान परिषद के 05-दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन के तहत शुक्रवार को बेगूसराय जिले में मतदान शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। मतदान के दौरान जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था का जायजा लिया।

डीएम ने दिनकर कला भवन, सदर प्रखंड कार्यालय, बरौनी प्रखंड कार्यालय तथा तेघड़ा प्रखंड कार्यालय स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक मनीष एवं उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।

स्नातक निर्वाचन में 54.11 प्रतिशत मतदान: जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 29 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर कुल 29,205 मतदाता पंजीकृत थे। खबर लिखे जाने तक इनमें से 54.11 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। कुछ मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतार लगी होने के कारण मतदान जारी था।

शिक्षक निर्वाचन में 90.47 प्रतिशत मतदान: वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जिले में कुल 20 मतदान केंद्र बनाए गए थे। यहां पंजीकृत 2,047 मतदाताओं में से 90.47 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।जिला प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया के दौरान लगातार निगरानी बनाए रखी। प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का संचालन किया गया, ताकि मतदान शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।







Total views : 112791