बेगूसराय में स्नातक के 29 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 20 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान, डीएम ने दिए आवश्यक निर्देश
बेगूसराय, 22 अक्टूबर 2026 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़।
दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार को प्रेक्षा गृह, बेगूसराय में सभी प्रतिनियुक्त मतदान कर्मियों को आवश्यक मतदान सामग्री उपलब्ध कराकर निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। इस दौरान जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने मतदान कर्मियों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग कर निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए। जिला पदाधिकारी ने सभी पीठासीन पदाधिकारियों एवं मतदान कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ करने को कहा। उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मतदान की प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है।
दुर्गा पूजा और मतदान को लेकर विशेष सतर्कता: डीएम ने बताया कि 23 अक्टूबर को जिले के कुछ स्थानों पर दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन भी होना है। ऐसे में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी विशेष रूप से सतर्क रहेंगे। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि विसर्जन कार्यक्रमों के कारण मतदान कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
VTR ऐप पर मतदान प्रतिशत की रिपोर्टिंग अनिवार्य: मतदान प्रक्रिया की निगरानी को प्रभावी बनाने के लिए सभी पीठासीन पदाधिकारियों को निर्धारित समय पर VTR (वोटर टर्नआउट रिपोर्ट) ऐप पर मतदान प्रतिशत से संबंधित आंकड़े दर्ज करने और समयबद्ध रिपोर्टिंग करने का निर्देश दिया गया है। डीएम ने कहा कि मतदान संबंधी आंकड़ों का सही और समय पर संधारण आवश्यक है।
मतदान केंद्रों पर मोबाइल फोन ले जाने पर रोक: मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के लिए जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी मतदाता मतदान कक्ष के अंदर मोबाइल फोन लेकर प्रवेश नहीं करेगा। मतदान केंद्रों पर तैनात पोलिंग एजेंटों के लिए भी मोबाइल फोन नहीं रखने संबंधी निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
स्नातक के 29,205 और शिक्षक क्षेत्र के 2,047 मतदाता करेंगे मतदान: जिला प्रशासन के अनुसार, बेगूसराय जिले में दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 29 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में 29,205 मतदाता पंजीकृत हैं। वहीं, दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 20 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां 2,047 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि मतदाता निर्भीक एवं व्यवस्थित वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनीष, उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।





Total views : 112593