बेगूसराय। 08 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने योग्य युवाओं के पंजीकरण के लिए बेगूसराय में एक माह का विशेष अभियान चलाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शुरू होने वाले इस अभियान का उद्देश्य कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना है।
बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन: अभियान के पहले चरण में बीएलओ विशेष गहन पुनरीक्षण से पहले की सूची और वर्तमान मतदाता सूची का मिलान करेंगे। इसके आधार पर ऐसे मतदाताओं की सूची तैयार होगी, जिनका नाम पुरानी सूची में था, लेकिन वर्तमान सूची में नहीं है। इसके बाद बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। छूटे हुए पात्र नागरिकों को प्रपत्र-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए सहयोग और मार्गदर्शन दिया जाएगा।
विशेष शिविरों में वंचित वर्गों पर फोकस: अभियान के दौरान तैयार सूची को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (BLA) के साथ भी साझा किया जाएगा। जिले में बूथ स्तरीय विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे। इनमें रात्रि आश्रय स्थलों, श्रमिक बस्तियों, बेघर लोगों और अन्य वंचित वर्गों के मतदाता पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नागरिकों, राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और शिक्षण संस्थानों से अभियान में सहयोग की अपील की है। पात्र नागरिकों से बीएलओ के सत्यापन के दौरान सही जानकारी उपलब्ध कराने और प्रपत्र-6 के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की अपील की गई है।





Total views : 110950