बेगूसराय। 07 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने और सोलर रूफटॉप को बढ़ावा देने के लिए 8 अक्टूबर को विशेष सोलर मेला आयोजित किया जाएगा। गाँधी स्टेडियम में सुबह 10 बजे से लगने वाले इस मेले में सोलर रूफटॉप से जुड़ी उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा।
बैंक लोन और आवेदन की समस्याओं का होगा समाधान: सोलर मेले में बैंक ऋण की स्वीकृति, ऋण आवेदन की प्रक्रिया तथा अन्य तकनीकी और प्रक्रियागत समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पात्र उपभोक्ताओं के ऋण आवेदनों की मौके पर समीक्षा कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
कई बैंकों के प्रतिनिधि रहेंगे मौजूद: मेले में भारतीय स्टेट बैंक, यूको बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफसी बैंक सहित अन्य बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। जिला प्रशासन ने संबंधित बैंक अधिकारियों को अद्यतन प्रतिवेदन के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी बिजली उपभोक्ताओं और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने के इच्छुक नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में गाँधी स्टेडियम पहुंचकर सोलर मेले का लाभ उठाने की अपील की है। यहां उपभोक्ता सोलर रूफटॉप, बैंक ऋण, आवेदन और बैंकिंग प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं का समाधान करा सकेंगे।






Total views : 110870