विकास एवं जनहित से जुड़े लंबित कार्यों को लेकर नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, समयबद्ध कार्रवाई की मांग
बेगूसराय, 05 अक्टूबर 2026। नगर निगम बेगूसराय की कार्यशैली में कथित शिथिलता और विभिन्न वार्डों में विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों के लंबित रहने के विरोध में कई पार्षदों ने आवाज उठाई है। पार्षदों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर लंबित योजनाओं एवं जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की। मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के विरोध में पार्षदों ने 05 अक्टूबर को सामूहिक रूप से शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया।
पार्षदों का कहना है कि नगर निगम क्षेत्र में आम लोगों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं और समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी पात्र लाभुकों को योजना का लाभ देने, शौचालय योजना के सभी आवेदकों को लाभ उपलब्ध कराने तथा कबीर अंत्येष्टि योजना की राशि मृतक के परिवार को तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की गई है।इसके अलावा संबंधित वार्डों में नल-जल योजना एवं क्रॉस पाइपलाइन का कनेक्शन जल्द कराने, सभी विद्युत पोल पर लाइट लगाने और खराब लाइटों को तत्काल बदलने की मांग भी रखी गई है।
पार्षदों ने टेंडर की गई योजनाओं का एकरारनामा शीघ्र कराने तथा विभागीय कार्यों को अविलंब शुरू कराने की मांग की। साथ ही बोर्ड एवं सशक्त समिति की बैठकें समय पर आयोजित करने और बैठक की कार्यवाही दो दिनों के अंदर सभी पार्षदों को उपलब्ध कराने की मांग की गई है। ज्ञापन में नए वेंडिंग जोन के लिए स्थल का चयन कर उसके निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने तथा आम जनता द्वारा दायर आरटीआई का जवाब निर्धारित समय सीमा के भीतर देने की मांग भी शामिल है।
पार्षदों ने कहा कि पूर्व में इन मांगों को लेकर नगर प्रशासन को अवगत कराया गया था। ज्ञापन में कहा गया था कि यदि 03 अक्टूबर 2026 तक आवश्यक कार्रवाई नहीं की जाती है, तो 05 अक्टूबर को सभी पार्षद सामूहिक रूप से शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे। पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन से जनहित और वार्डों के विकास से जुड़े सभी मुद्दों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। धरना एवं ज्ञापन से जुड़े पार्षदों में राजीव रंजन, वशिष्ठ शर्मा, शगुफ्ता ताजवर, पूनम देवी, पूजा देवी, रेखा देवी, सुमन देवी, सुरवीर कुमार, मीना देवी, अफजल हुसैन, शांति देवी, सारिका शर्मा, रितिक राज, सीता देवी, नूतन देवी और लालचंद कुमार शामिल हैं।





Total views : 110190