बरौनी। 05 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), बरौनी को राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और प्रभावी कार्यान्वयन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर दो महत्वपूर्ण सम्मान मिले हैं। वर्ष 2026 के राष्ट्रीय राजभाषा गौरव पुरस्कार में नराकास, बरौनी को ‘श्रेष्ठतम राजभाषा कार्यान्वयन ट्रॉफी’ और ‘श्रेष्ठतम राजभाषा प्रसार पत्रिका’ श्रेणी में सम्मानित किया गया।
नई दिल्ली में ग्रहण किया सम्मान: यह सम्मान 3 और 4 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान उप महाप्रबंधक (ईएमएस, एमएस, एलएंडडी) राधे श्याम प्रसाद और वरिष्ठ अधिकारी (ईएमएस एवं हिंदी) सत्येंद्र यादव ने ग्रहण किया।
पुरस्कार कॉर्पोरेट संचार एवं जनसंपर्क के क्षेत्र में कार्यरत संस्था ‘लुकिंग बियॉन्ड’ की ओर से प्रदान किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने शासन, प्रशासन और कॉर्पोरेट क्षेत्र में हिंदी के प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देने वाले संगठनों की भूमिका की सराहना की और सम्मानित संस्थानों को बधाई दी।
अंतरराष्ट्रीय सहभागिता रहा सम्मेलन का आकर्षण: सम्मेलन में श्रीलंका, सूरीनाम और मॉरीशस सहित कई देशों के हिंदी भाषा एवं साहित्य के विद्वान, भाषाविद् और राजभाषा विशेषज्ञ शामिल हुए। इस दौरान हिंदी के संवर्धन, नई चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा हुई।
नराकास, बरौनी को मिला यह सम्मान राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन, अभिनव गतिविधियों, कार्यालयी कार्यों में हिंदी के बढ़ते प्रयोग और हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता के रूप में देखा जा रहा है।





Total views : 110260