बेगूसराय। 4 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एनडीए प्रत्याशियों के 5 अक्टूबर को होने वाले नामांकन कार्यक्रम को लेकर रविवार को बेगूसराय में एनडीए की बैठक हुई। गंगा ग्लोबल प्लस टू कॉलेज परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा ने की। बैठक में एनडीए के घटक दलों के नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य नामांकन कार्यक्रम को सफल बनाने और एनडीए के पांचों घटक दलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर रणनीति तैयार करना रहा।
एकजुटता और समन्वय पर जोर: एमएलसी सर्वेश कुमार ने कार्यकर्ताओं से 5 अक्टूबर के नामांकन कार्यक्रम में एकजुट होकर शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि एनडीए की ताकत कार्यकर्ताओं की एकता और आपसी समन्वय में है।
पूर्व विधायक बाबू ने भी सभी घटक दलों के कार्यकर्ताओं से मिलकर नामांकन कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने शिक्षक और स्नातक मतदाताओं तक एनडीए के कार्यों और उपलब्धियों को पहुंचाने पर जोर दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा ने कहा कि सभी घटक दलों के बीच बेहतर तालमेल के लिए इस तरह की बैठक जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समय का ध्यान रखने और नामांकन कार्यक्रम को अनुशासित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की अपील की।
शिक्षक और स्नातक मतदाताओं तक पहुंचने की तैयारी: जदयू बेगूसराय के महासचिव सह मीडिया प्रभारी संजय कुमार सिंह ने कहा कि एनडीए की पहचान बूथ से लेकर प्रखंड और मंडल स्तर तक काम करने वाले कार्यकर्ताओं से है। उन्होंने कहा कि सभी घटक दलों के कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार के विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाएंगे।
बैठक में शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं के बीच संपर्क बढ़ाने तथा एनडीए प्रत्याशियों के नामांकन कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, अनुशासित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में एमएलसी सर्वेश कुमार, पूर्व विधायक बाबू, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, जदयू महासचिव सह मीडिया प्रभारी संजय कुमार सिंह सहित वीरेश कुमार, सुमित सनी, रामप्रवेश सिंह, सुमन शेखर, सीताराम, धीरेंद्र पासवान, बृजनंदन सिंह तथा विभिन्न प्रखंडों और मंडलों के अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।






Total views : 110026