बेगूसराय। 4 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग एवं जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026 के पांचवें दिन बीपी इंटर स्कूल में अंडर-14 बालक क्रिकेट टीम के चयन ट्रायल का आयोजन किया गया।
जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए 14 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ियों ने ट्रायल में हिस्सा लेकर बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में अपनी प्रतिभा दिखाई।
ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों से बेगूसराय की जिला स्तरीय अंडर-14 बालक क्रिकेट टीम गठित की जाएगी। यह टीम आगे राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
खेल के साथ पढ़ाई भी जरूरी: जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। बिहार के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद में भाग लेना भी जरूरी है। उन्होंने बेगूसराय के खिलाड़ियों को क्रिकेट में बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी जिले के खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
इन खिलाड़ियों ने लिया ट्रायल में हिस्सा: ट्रायल में चयनकर्ता के रूप में अरनव पंकज, दीपक कुमार दीप और राहुल कुमार ने भूमिका निभाई। संभावित खिलाड़ियों में छतीश कुमार, अरिन शर्मा, रिक्कू, ब्रजेश, नमन, सत्यम, श्रेयश, सुशांत, अनुराग, नवनीत, देवराज, ओम, रुद्र, हरिओम, कमलजीत, मो. आफताब, आदित्य, यश, प्रत्यूष राज, प्रियांशु, निर्भीक झा, कार्तिक, अनीश, सक्षम, गौशुल, मयंक, प्रत्यूष और अंशुमन सहित अन्य खिलाड़ी शामिल रहे।
उद्घोषक की भूमिका गौरव कुमार पाठक ने निभाई। आयोजन को सफल बनाने में जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार, प्रतियोगिता संयोजक अरविंद कुमार, कन्हैया भारद्वाज, बबलू, शुभम, रितेश, सोनू, शशि सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





Total views : 110034