दिल्ली। 2 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में इतिहास रच दिया। शुक्रवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने चीन को 1-0 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने 44 साल बाद एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता और 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए भी जगह पक्की कर ली।
पहले क्वार्टर में मिला निर्णायक गोल: भारत की ओर से लालरेमसियामी हमारजोटे ने पहले क्वार्टर में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। साक्षी राणा के शानदार पास को लालरेमसियामी ने रिवर्स-स्टिक शॉट के जरिए गोल में बदल दिया। इसके बाद चीन ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उसके हमलों को नाकाम कर दिया।
दूसरे क्वार्टर में गोलकीपर सविता पुनिया ने पेनल्टी स्ट्रोक बचाकर चीन को बराबरी करने से रोक दिया। मैच के बाकी समय में भी भारतीय खिलाड़ियों ने मजबूत डिफेंस बनाए रखा और 1-0 की बढ़त कायम रखते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया।
1982 के बाद दूसरी बार महिला हॉकी में गोल्ड: एशियन गेम्स में महिला हॉकी का भारत का यह दूसरा गोल्ड मेडल है। इससे पहले भारतीय टीम ने 1982 में खिताब जीता था। भारत 1998 और 2018 में भी फाइनल तक पहुंचा था, लेकिन दोनों बार उसे हार का सामना करना पड़ा था।
इस गोल्ड के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारत के कुल पदकों की संख्या 76 हो गई है। भारत ने अब तक 16 गोल्ड, 25 सिल्वर और 35 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं। फाइनल मुकाबला तय समय से करीब एक घंटे देर से शुरू हुआ था। दोनों टीमों की बसें रास्ते में हुए एक हादसे के कारण लगे ट्रैफिक जाम में फंस गई थीं।





Total views : 109840