आधुनिक तकनीक से परिवार नियोजन ऑपरेशन की सुविधा शुरू, पहली सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न
बेगूसराय। 28 सितम्बर 2026।नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
सदर अस्पताल बेगूसराय में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अस्पताल में अब लैप्रोस्कोपिक तकनीक के माध्यम से ट्यूबल लिगेशन (परिवार नियोजन ऑपरेशन) की सुविधा शुरू कर दी गई है। इस तकनीक के माध्यम से किए जाने वाले ऑपरेशन में पारंपरिक प्रक्रिया की तुलना में छोटा चीरा लगाया जाता है। इसके चलते मरीज को अपेक्षाकृत कम दर्द और शीघ्र रिकवरी का लाभ मिल सकता है। इससे परिवार नियोजन की इच्छुक महिलाओं को आधुनिक सर्जिकल सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी।
पहली लैप्रोस्कोपिक ट्यूबल लिगेशन सर्जरी सफल: इसी क्रम में सदर अस्पताल में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवांगी द्वारा लैप्रोस्कोपिक तकनीक से पहली ट्यूबल लिगेशन सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। वहीं, सर्जरी के दौरान एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी डॉ. राजू ने निभाई। सदर अस्पताल में इस आधुनिक सर्जिकल सुविधा की शुरुआत से जिले के मरीजों को परिवार नियोजन से संबंधित बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे मरीजों को इस प्रकार की सर्जरी के लिए अन्य बड़े स्वास्थ्य केंद्रों पर निर्भरता कम हो सकती है।
नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ के लिए यह पहल जिले में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।





Total views : 108802