बेगूसराय, 28 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिले में आम लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब बेगूसराय सदर अस्पताल से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) स्तर तक सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में ECG (Electrocardiogram) जांच की सुविधा उपलब्ध है। यहां आने वाले मरीजों की निःशुल्क ECG जांच की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में ECG की उच्च तकनीकी रिपोर्टिंग की व्यवस्था भी उपलब्ध है। ECG जांच के माध्यम से हृदय की विद्युत गतिविधियों और उसकी कार्यप्रणाली का आकलन किया जाता है।
सीने में दर्द और सांस की परेशानी में उपयोगी जांच: सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी, हृदय की धड़कन में अनियमितता, चक्कर आने या हृदय से संबंधित अन्य लक्षणों वाले मरीजों के लिए ECG जांच चिकित्सकीय रूप से महत्वपूर्ण मानी जाती है। समय पर ECG जांच से हृदय संबंधी संभावित समस्याओं की पहचान करने और मरीज के आगे के उपचार की दिशा तय करने में चिकित्सकों को मदद मिलती है।
ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को भी मिलेगा फायदा: जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क ECG जांच की सुविधा मिलने से मरीजों को सामान्य जांच के लिए बड़े अस्पतालों या निजी स्वास्थ्य संस्थानों पर निर्भरता कम होगी। इससे मरीजों के समय के साथ-साथ जांच और उपचार पर होने वाले आर्थिक खर्च में भी बचत होगी।
खासकर ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यह सुविधा उपयोगी साबित हो सकती है, क्योंकि उन्हें स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिल सकेगी।
स्वास्थ्य विभाग ने की अपील: जिला स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि हृदय संबंधी किसी भी प्रकार के लक्षण अथवा चिकित्सकीय आवश्यकता महसूस होने पर नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श लें। साथ ही उपलब्ध निःशुल्क ECG जांच और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।






Total views : 108787