बेगूसराय। 26 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर बेगूसराय में मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता कार्यालय कमलेश्वरी भवन से मार्च करते हुए समाहरणालय द्वार पहुंचे, जहां सभा आयोजित करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग उठाई।
एसआईआर रद्द करने की मांग: सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला सचिव दिवाकर प्रसाद ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध कर रहे विपक्षी नेताओं, छात्र-युवा कार्यकर्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ है।
उन्होंने एसआईआर रद्द करने तथा विभिन्न राज्यों में मतदाता सूची से हटाए गए लोगों के नाम फिर से शामिल करने की मांग की। उन्होंने बिहार और पश्चिम बंगाल में पुनः चुनाव कराने तथा चुनाव आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव की मांग भी रखी। पार्टी की ओर से चुनाव आयोग की नियुक्ति वाली कमिटी में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, प्रधानमंत्री और लोकसभा में विपक्ष के नेता को शामिल करने की मांग की गई।
मुख्य चुनाव आयुक्त पर कार्रवाई की मांग: चंद्रदेव वर्मा ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव कर मुख्य न्यायाधीश को कमिटी से अलग किया गया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी आरोप लगाए और उनकी गिरफ्तारी की मांग की।
सभा को नगर सचिव राजेश श्रीवास्तव, आइसा जिलाध्यक्ष सोनू फर्नाज, संजय ठाकुर, नूरूल इस्लाम जिम्मी, रामकुमार तांती, रामकुमार, राजाराम आर्य, सर्वेंद्र राय, मोहम्मद अकरम और सुरेश पासवान ने संबोधित किया।
मौके पर संजीव पासवान, बबलू ठाकुर, अजीत साह, सुचित सिंह, रामचंद्र पासवान, श्याम राय, सुबोध राय और प्रभू राय सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।






Total views : 108437