जमुई। 25 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जमुई के मड़वा पहाड़ी के समीप 19 सितंबर को स्कूली छात्रा के साथ हुई बदसलूकी के मामले में प्रशासन ने जांच और कानूनी प्रक्रिया को तेज करने के लिए दो वरिष्ठ महिला अधिकारियों को अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
डीडीसी आईएएस शिप्रा विजय कुमार चौधरी को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि एसडीपीओ आईपीएस दिप्ती मोनाली विशेष जांच टीम (SIT) का नेतृत्व कर रही हैं।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार: एसपी विश्वजीत दयाल के अनुसार मामले के मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा आरोपी हरे राम यादव भागने के दौरान गिरकर घायल हुआ। दोनों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
डीएम नवीन ने कहा कि पीड़िता की स्थिति को ध्यान में रखते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया पर मामले से जुड़ी कथित फर्जी और एआई-जनरेटेड सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए भी कार्रवाई की गई है। गलत पोस्ट साझा करने के मामले में कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
प्रशासन ने जिले के प्रमुख पर्यटन एवं संवेदनशील स्थलों पर पुलिस गश्त, डायल-112 की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की बात कही है।







Total views : 107946