बेगूसराय। 25 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेगूसराय जिले को देशभर में 5 लाख से अधिक आबादी वाले जिलों की श्रेणी में “Best Performing Model District” के सम्मान से नवाजा गया है। यह सम्मान 25 सितंबर 2026 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित आयुष्मान मंथन 2026 कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा ने प्रदान किया।
बेगूसराय की ओर से यह सम्मान बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति, पटना के विशेष सचिव-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा, भा.प्र.से. ने ग्रहण किया।
20.23 लाख ABHA ID का निर्माण: जिले में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत अब तक 20.23 लाख आभा आईडी बनाई जा चुकी हैं। इसके साथ सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल माध्यम से जोड़ने तथा डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
जिला प्रशासन के अनुसार आभा आईडी निर्माण, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल माध्यम से सुलभ बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों को इस राष्ट्रीय उपलब्धि में महत्वपूर्ण माना गया है।
स्वास्थ्य टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम: सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने सम्मान को स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन, संबंधित पदाधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह पहचान पूरी स्वास्थ्य टीम के लिए गौरव और उत्साह का विषय है।
जिला पदाधिकारी रिची पांडेय, भा.प्र.से. ने उपलब्धि के लिए अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों और सहयोगी टीमों को बधाई दी। उन्होंने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, डिजिटल, सुलभ एवं जन-केंद्रित बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करने का निर्देश दिया।







Total views : 107946