बेगूसराय, 23 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ राष्ट्रकवि पद्मभूषण स्वर्गीय रामधारी सिंह दिनकर की 118वीं जयंती के अवसर पर बरौनी रिफाइनरी स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में बरौनी रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख सत्य प्रकाश तथा बेगूसराय के जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने दिनकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इस अवसर पर दिनकर के साहित्यिक एवं राष्ट्रनिर्माण संबंधी योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उनकी रचनाएं आज भी युवाओं और समाज को देशभक्ति, आत्मबल तथा राष्ट्रीय चेतना का संदेश देती हैं।
ज्ञात हो कि राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर का जन्म 23 सितंबर 1908 को बेगूसराय जिले के सिमरिया गांव में हुआ था। उनकी कविताओं में वीर रस और राष्ट्रीय चेतना का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है। उनकी प्रमुख कृतियों में ‘रश्मिरथी’, ‘कुरुक्षेत्र’, ‘हुंकार’, ‘संस्कृति के चार अध्याय’ और ‘उर्वशी’ शामिल हैं। ‘उर्वशी’ के लिए उन्हें प्रतिष्ठित भारतीय ज्ञानपीठ पुरस्कार तथा ‘संस्कृति के चार अध्याय’ के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) भास्कर हजारीका, मुख्य प्रबंधक (ईएमएस एवं सीएसआर) नीरज कुमार, मुख्य प्रबंधक (ईएमएस, कॉरपोरेट संचार एवं हिन्दी) मीनाक्षी ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने राष्ट्रकवि दिनकर के विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात करने तथा हिंदी भाषा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।







Total views : 107677