बेगूसराय, 23 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन, बेगूसराय एवं कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रकवि दिनकर की साहित्यिक विरासत, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक चेतना को याद किया गया।

जयंती के अवसर पर दिनकर भवन, स्वर्ण जयंती पुस्तकालय, दिनकर चौक जीरोमाइल, दिनकर ग्राम सिमरिया और दिनकर आवास सिमरिया सहित विभिन्न स्थलों पर उनकी प्रतिमा एवं स्मृति स्थलों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान जिला पदाधिकारी रिची पांडेय, पुलिस अधीक्षक मनीष, बेगूसराय विधायक कुंदन कुमार, नगर निगम की महापौर पिंकी देवी सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इसके बाद समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में व्याख्यान सत्र एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। ‘रश्मिरथी की प्रासंगिकता आज के समय में’ विषय पर आयोजित व्याख्यान में मुख्य वक्ता प्रो. रविन्द्र कुमार वर्मा ‘रवि’ और प्रो. सिद्धेश्वर काश्यप ने दिनकर के साहित्य, राष्ट्रप्रेम, सामाजिक चेतना और उनकी रचनाओं की वर्तमान संदर्भ में प्रासंगिकता पर विचार रखे।
वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रकवि दिनकर की रचनाएं आज भी समाज में स्वाभिमान, राष्ट्रप्रेम, सामाजिक चेतना और जनजागरण की भावना को मजबूत करती हैं। उनकी कालजयी कृतियां नई पीढ़ी को निरंतर प्रेरणा देती हैं।

जयंती समारोह के दौरान सम्मान समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाट्य मंचन और कवि सम्मेलन सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें साहित्य, कला एवं संस्कृति से जुड़े लोगों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, साहित्यप्रेमियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रमों के माध्यम से दिनकर के विचारों और साहित्यिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा उनकी विरासत को जीवंत बनाए रखने का संदेश दिया गया।






Total views : 107669