बेगूसराय। 22 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में मंगलवार को जिला समन्वय समिति की बैठक हुई। जिला पदाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों और विभागीय उपलब्धियों की समीक्षा की गई। डीएम ने योजनाओं में पारदर्शिता रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
कृषि, पौधरोपण और कायाकल्प की समीक्षा: कृषि विभाग ने बताया कि खरीफ 2026-27 के लिए जिले में 74,208.409 मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध कराया गया है। पीएम किसान योजना के 1,13,080 पंजीकृत किसानों में से 1,12,649 का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है।
“एक पेड़ मां के नाम-3.0” अभियान में 1,51,869 के लक्ष्य के विरुद्ध 90,612 पौधे लगाए जा चुके हैं। वहीं कायाकल्प अभियान के तहत 1,868 योजनाएं चयनित हैं। डीएम ने 24 सितंबर तक पोर्टल पर सभी योजनाओं की प्रविष्टि कराने का निर्देश दिया।
बाढ़ से हुई फसल, पशु, मकान, सड़क और चापाकल समेत अन्य क्षति का वास्तविक आकलन कराने को कहा गया। पात्र प्रभावित परिवारों को GR सहायता से वंचित न रहने देने का भी निर्देश दिया गया।
स्वास्थ्य, आभा आईडी और रोजगार योजनाओं पर जोर:
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग 74 प्रतिशत पूरी हो चुकी है। बेगूसराय सदर और शाम्हो में स्क्रीनिंग तेज करने का निर्देश दिया गया।
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत बेगूसराय को मॉडल जिला के रूप में विकसित किया जा रहा है। जिले में 20,08,830 आभा आईडी बनाई जा चुकी हैं। डीएम ने शेष नागरिकों की आभा आईडी बनाने और स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल करने का निर्देश दिया।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार और अधिक पात्र लोगों को लाभ दिलाने पर भी जोर दिया गया। संत रविदास विकास शिविर में प्राप्त 3,939 आवेदनों में 2,431 का निष्पादन हो चुका है, जबकि 1,508 लंबित हैं। डीएम ने लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा।
बैठक में डीडीसी आकाश चौधरी, अपर समाहर्ता बृज किशोर चौधरी, नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर, सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।







Total views : 107548