बेगूसराय, 20 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
कर्मचारी भवन, कैंटीन चौक, बेगूसराय में रविवार को बिहार राज्य डाटा इंट्री/कंप्यूटर ऑपरेटर संघ, जिला इकाई–बेगूसराय की जिलास्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के कार्यकारी अध्यक्ष नीलेश झा ने की। इसमें जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कार्यरत डाटा इंट्री एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों की समस्याओं और संगठन से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सेवा समायोजन को बनाया मुख्य मांग: बैठक में संघ के सदस्यों ने सरकार से सेवा समायोजन की मांग को प्रमुखता से उठाने और इसे मजबूती के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि डाटा इंट्री एवं कंप्यूटर ऑपरेटर लंबे समय से विभिन्न सरकारी कार्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और सरकारी कामकाज को कंप्यूटर आधारित बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
कर्मचारी महासंघ के जिला महामंत्री मोहन मुरारी ने कहा कि जिले के विभिन्न कार्यालयों में बड़ी संख्या में डाटा इंट्री ऑपरेटर लंबे समय से कार्यरत हैं। वर्तमान समय में सरकारी कार्यों का बड़ा हिस्सा कंप्यूटर आधारित हो गया है, ऐसे में इन कर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उनकी सेवा से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।उन्होंने डाटा इंट्री एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों से एकजुट और संगठित होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग को आगे बढ़ाने की अपील की।
कर्मचारी महासंघ ने दिया समर्थन: कर्मचारी महासंघ के राज्य संयुक्त सचिव सुधीर गांधी ने भी ऑपरेटरों को अपनी मांग को लेकर एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से ही मांग को प्रभावी तरीके से संबंधित स्तर तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने पूर्व में शिक्षा मित्र के रूप में नियुक्त कर्मियों को बाद में राज्यकर्मी का दर्जा दिए जाने का उदाहरण देते हुए डाटा इंट्री एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों से संगठित होकर अपनी मांग के लिए प्रयास जारी रखने की अपील की। बैठक में वक्ताओं ने सेवा समायोजन को संगठन की मुख्य एवं एकल मांग के रूप में मजबूती से आगे बढ़ाने तथा इसके लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने पर जोर दिया।
नव-नियुक्त जिला कमिटी का गठन: बैठक के दौरान बिहार राज्य डाटा इंट्री/कंप्यूटर ऑपरेटर संघ, जिला इकाई–बेगूसराय की नव-नियुक्त जिला कमिटी का गठन भी किया गया। सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया गया।
जिला कमिटी में शामिल पदाधिकारी:
अध्यक्ष: नीलेश झा 👉 उपाध्यक्ष: रवि भूषण कुमार, राकेश झा एवं तारिक अनवर 👉 जिला सचिव: कुंदन झा, 👉सहायक जिला सचिव: प्रमोद कुमार, 👉 कोषाध्यक्ष: चंदन गुप्ता, 👉 संयुक्त सचिव: संजीव सिन्हा, विक्की आनंद, मनोज सिन्हा एवं ब्रजेश कुमार 👉 मीडिया प्रभारी: रंजन कुमार, महिला उपसमिति संयोजिका: पिंकू कुमारी, खुशबु कुमारी एवं नवनीता कुमारी
नवनियुक्त सभी पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत, सक्रिय और एकजुट बनाने तथा सेवा समायोजन की एकल मांग को मजबूती से आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। बैठक में जिले के विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत बड़ी संख्या में डाटा इंट्री एवं कंप्यूटर ऑपरेटर उपस्थित रहे।





Total views : 107005