बेगूसराय। 12 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के बलिया थाना क्षेत्र में पुलिस और ड्रग्स इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित कोडिन युक्त कफ सिरप के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बड़ी बलिया बाजार में छापेमारी कर 314 पीस कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
गुप्त सूचना पर मेडिकल दुकानों की जांच: पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को बलिया थाना के पुलिस पदाधिकारी पु.अ.नि. दयानंद प्रसाद यादव सशस्त्र बल के साथ दिवा गश्ती पर थे। इसी दौरान थानाध्यक्ष के माध्यम से ड्रग्स इंस्पेक्टर उज्ज्वल प्रसाद रंजन के साथ छापेमारी में सहयोग करने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम और ड्रग्स इंस्पेक्टर ने छोटी बलिया बाजार की विभिन्न मेडिकल दुकानों की जांच की। जांच के दौरान बड़ी बलिया बाजार स्थित चौधरी मेडिकल दुकान और गुंजा मेडिकल दुकान सह मकान में प्रतिबंधित कोडिन सिरप के अवैध भंडारण और खरीद-बिक्री की सूचना मिली।
टीम जब चौधरी मेडिकल दुकान के सामने पहुंची तो पुलिस वाहन देखकर एक व्यक्ति भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान रोहित कुमार, पिता स्वर्गीय राम दयाल चौधरी, निवासी बड़ी बलिया बाजार, वार्ड संख्या-03, थाना बलिया के रूप में हुई। चौधरी मेडिकल दुकान की जांच में कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। वहीं, गुंजा मेडिकल दुकान बंद मिली।
घर की छत से 314 पीस कफ सिरप बरामद: इसके बाद स्वतंत्र साक्षियों की मौजूदगी में रोहित कुमार के घर की तलाशी ली गई। घर की छत पर बने कमरे से अलग-अलग पैकिंग में Codeine Phosphate & Triprolidine Hydrochloride Syrup (100 ml) बरामद किया गया।तलाशी में विमल लिखा झोला से 89 पीस, चोकर लिखा उजला बोरा से 105 पीस और एक सीलबंद कार्टून से 120 पीस सिरप मिले। इस तरह कुल 314 पीस प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में रोहित कुमार ने बताया कि वह संतोष कुमार, पिता रामप्रकाश चौधरी, निवासी बड़ी बलिया बाजार, वार्ड संख्या-03 के साथ मिलकर प्रतिबंधित सिरप का अवैध क्रय-विक्रय करता है। वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने सभी सिरप जब्त कर जप्ती सूची तैयार की और रोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, दूसरे आरोपी की तलाश: इस मामले में बलिया थाना कांड संख्या 478/26, दिनांक 11 सितंबर 2026 के तहत NDPS एक्ट, 1985 की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। वहीं, फरार आरोपी संतोष कुमार की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।






Total views : 105825