बेगूसराय। 11 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
सर्वोदय नगर स्थित शहीद सुखदेव सिंह समन्वय कार्यालय के सुखदेव सभागार में भूदान आंदोलन के मसीहा आचार्य विनोबा भावे की 131वीं जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जेपी सेनानी के राष्ट्रीय सचिव और शिक्षक नेता अमरेंद्र कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने विनोबा भावे के जीवन, उनके विचारों और समाज के कमजोर वर्गों के लिए किए गए कार्यों को याद किया। वक्ताओं ने उनके आदर्शों को आज के समय में भी प्रासंगिक बताया।
भूदान आंदोलन से भूमिहीनों को मिला जमीन का सहारा:
अध्यक्षीय संबोधन में अमरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि आचार्य विनोबा भावे का जन्म 1895 में महाराष्ट्र के गागोदे गांव में हुआ था। उनका मूल नाम विनायक नरहरि भावे था। वर्ष 1916 में वे महात्मा गांधी के आश्रम से जुड़े। उन्होंने बताया कि गांधीजी ने वर्ष 1940 में विनोबा भावे को देश का पहला व्यक्तिगत सत्याग्रही चुना था। बाद में उन्होंने तेलंगाना के पोचमपल्ली से भूदान आंदोलन की शुरुआत की। इस आंदोलन के माध्यम से बड़े भूस्वामियों से जमीन दान में लेकर भूमिहीन और गरीब लोगों के बीच बांटने का प्रयास किया गया।अमरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि विनोबा भावे का पूरा जीवन समाज सेवा और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा। ऐसे महान व्यक्तित्व को शत-शत नमन है।
वक्ताओं ने याद किए विनोबा के विचार:
गांधी जन स्वराज पार्टी के नेता रवि पोद्दार ने कहा कि विनोबा भावे स्वतंत्रता सेनानी, समाजसेवी और प्रसिद्ध गांधीवादी चिंतक थे। उन्होंने भूदान आंदोलन के जरिए गरीब और भूमिहीन लोगों के लिए जमीन उपलब्ध कराने का प्रयास किया। महिला सेल की सचिव सुनीता देवी ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद विनोबा भावे को राष्ट्रीय अध्यापक और महात्मा गांधी के उत्तराधिकारी के रूप में देखा जाता था। उन्होंने अपने जीवन से समाज सेवा और त्याग की मिसाल पेश की।
रोटी बैंक के संयोजक पवन शर्मा ने कहा कि विनोबा भावे का जीवन दूसरों के लिए समर्पित था। वर्ष 1951 में शुरू हुए भूदान आंदोलन का उद्देश्य अहिंसक तरीके से समाज में बदलाव लाना था। वक्ताओं ने कहा कि विनोबा भावे ने गरीबों और वंचितों के हित में महत्वपूर्ण कार्य किया। उनके विचार आज भी समाज को समानता, अहिंसा और सेवा का संदेश देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विनोबा भावे को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर समाजसेवियों सहित कई लोग मौजूद रहे।






Total views : 105717