बेगूसराय। 11 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
आपदा के समय दिव्यांगजनों को सुरक्षित और सक्षम बनाने के लिए बेगूसराय जिला बुनियाद केंद्र सहित बलिया, तेघड़ा और बखरी अनुमंडल बुनियाद केंद्रों में एक दिवसीय प्रशिक्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 150 दिव्यांगजनों ने हिस्सा लिया।
प्रशिक्षण में प्राकृतिक और मानव-जनित आपदाओं के दौरान सुरक्षित रहने, सही निर्णय लेने और जरूरत पड़ने पर प्राथमिक उपचार देने के व्यावहारिक तरीके बताए गए।
बाढ़, आग और सर्पदंश से बचाव की जानकारी: बुनियाद केंद्रों के प्रशिक्षित कर्मियों ने प्रतिभागियों को वज्रपात (ठनका), आगजनी, बाढ़, डूबने और सर्पदंश जैसी आपात परिस्थितियों से बचाव के उपाय बताए। आपदा के समय घबराने के बजाय धैर्य और सतर्कता से काम लेने तथा सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की जानकारी दी गई।
दिव्यांगजनों की विशेष जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित निकासी, आसपास के लोगों से सहायता लेने, परिवार के सदस्यों की सुरक्षा और उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल के बारे में भी प्रशिक्षण दिया गया।
CPR का कराया गया व्यावहारिक प्रदर्शन: प्रशिक्षण के दौरान CPR की आवश्यकता और उसके शुरुआती तरीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। डूबने की स्थिति में बचाव, सर्पदंश के बाद बरती जाने वाली सावधानियों और वज्रपात के दौरान जरूरी सतर्कता के बारे में भी जानकारी दी गई।
प्रशिक्षकों ने बताया कि आपदा के समय सही और तत्काल कदम उठाकर जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि वे अपनी सुरक्षा के साथ परिवार और आसपास के लोगों की मदद में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
प्रशिक्षण से बढ़ा आत्मविश्वास: प्रशिक्षण में शामिल दिव्यांगजनों ने पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि उन्हें आपदा के समय अपनाए जाने वाले व्यवहार और बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी मिली है। इससे आपात स्थिति से निपटने को लेकर उनका आत्मविश्वास बढ़ा है।
बुनियाद केंद्र के जिला प्रबंधक विजय कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में दिव्यांगजनों सहित संवेदनशील और जरूरतमंद वर्गों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करने के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य जिले के प्रत्येक नागरिक को आपदा के समय सुरक्षित, जागरूक और सक्षम बनाना है।






Total views : 105703